आधी रात आई ऐसी तबाही कि बह गया कब्रिस्तान, गाड़ियां बनीं मलबा… जम्मू-कश्मीर में बादल फटने और बाढ़ से 4 की मौत

जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ में मूसलाधार बारिश, बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से भारी तबाही मची है। चार लोगों की मौत हो गई, कई लापता हैं। कब्रिस्तान बह गया, दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए और खराब मौसम के कारण मां वैष्णो देवी यात्रा फिलहाल स्थगित कर दी गई है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 19 July 2026, 11:51 AM IST

New Delhi: जम्मू-कश्मीर में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। राजौरी और पुंछ जिलों में बादल फटने, अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से हालात बेहद गंभीर हो गए। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं, दर्जनों वाहन बह गए और कब्रिस्तान तक तेज बहाव में समा गया। अधिकारियों के अनुसार, अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोगों के लापता होने की सूचना है। खराब मौसम के चलते मां वैष्णो देवी यात्रा भी फिलहाल स्थगित कर दी गई है।

बेला इलाके में बाढ़ का कहर, वाहन और घर चपेट में

रात करीब एक बजे शुरू हुई तेज बारिश के बाद दरहाली नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। नदी का पानी राजौरी के बेला कॉलोनी में घुस गया, जिससे पूरा इलाका जलमग्न हो गया। बेला बस स्टैंड पर खड़ी कई गाड़ियां तेज बहाव में बह गईं। कई घरों में पानी भर गया और लोग घंटों तक बाढ़ के बीच फंसे रहे। मवेशियों के नुकसान की भी खबरें सामने आई हैं।

बादल फटा, कब्रिस्तान बह गया

मंजाकोट तहसील के कोटली कलाबन और गोलिनारी क्षेत्रों में बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ ने स्थानीय कब्रिस्तान को भी अपनी चपेट में ले लिया। तेज बहाव में कब्रिस्तान का बड़ा हिस्सा बह गया और कई कब्रें क्षतिग्रस्त हो गईं। इस घटना से स्थानीय लोगों में गहरा दुख और चिंता का माहौल है।

पुंछ में चार लोगों की मौत, कई लापता

अधिकारियों के मुताबिक, पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील सबसे अधिक प्रभावित रही। यहां भारी बारिश और भूस्खलन से कम से कम चार लोगों की जान चली गई, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। लोअर मुराह इलाके में एक घर पर भूस्खलन होने से एक ही परिवार के कई सदस्य लापता बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव दल लगातार खोज अभियान चला रहे हैं।

अब बिजली का बिल होगा जीरो? जानिए घर पर Solar Panel लगवाने में कितना खर्च आएगा, कितनी मिलेगी सब्सिडी

वैष्णो देवी यात्रा रोकी गई

लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण मां वैष्णो देवी यात्रा एहतियातन रोक दी गई है। बैटरी कार सेवा, हेलीकॉप्टर सेवा, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। कटरा के सभी पंजीकरण केंद्र अस्थायी रूप से बंद हैं और करीब 15 हजार श्रद्धालु यात्रा दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।

सर्वदलीय बैठक से विपक्ष का वॉकआउट, TMC बागी सांसदों को बुलाने पर सरकार के खिलाफ जताया कड़ा विरोध, बीच में ही छोड़ा सदन

राहत-बचाव अभियान जारी

प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव दल तैनात कर दिए हैं। लोगों से निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही भारी बारिश और अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की थी। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Location :  New Delhi

Published :  19 July 2026, 11:51 AM IST