Jammu-Kashmir: बडगाम मुठभेड़ में लश्कर का कमांडर ढेर, ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में मंगलवार देर रात सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया। मारे गए आतंकी की पहचान पाकिस्तानी लश्कर कमांडर मूसा के तौर पर हुई है। सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिली थी।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 30 September 2026, 2:53 AM IST

Srinagar: जम्मू-कश्मीर के बडगाम में  मंगलवार देर रात को सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें टाॅप लश्कर कमांडर सुलेमान शाह उर्फ फौजी मूसा मारा गया। मुठभेड़ में एक आतंकी के मारे जाने के बाद भी ऑपरेशन जारी है।

जानकारी के अनुसार कोरग इलाके में खुफिया सूचना के आधार पर सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। सुरक्षा बलों को देखते ही आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद भीषण गोलीबारी में मूसा मारा गया। तीन और आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। सेना ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। अभियान पूरी रात चलाने की तैयारी है।

यह मुठभेड़ मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के यूसमर्ग इलाके में हुई। सुरक्षाबलों को कोराग इलाके में आतंकियों की गतिविधि की जानकारी मिली थी।

घुसपैठ के जरिए कश्मीर घाटी में हुआ दाखिल

सूत्रों के अनुसार मूसा वर्ष 2022 में घुसपैठ के जरिए कश्मीर घाटी में दाखिल हुआ था। वह तभी से अपना नेटवर्क सक्रिय करने में जुटा था। उसके पीर पंजाल के दोनों ओर आतंकी गतिविधियों में शामिल होने और युवाओं को आतंकी संगठनों में भर्ती करने में भूमिका की जानकारी भी सामने आ रही है। लश्कर में शामिल होने से पहले वह पाकिस्तानी एसएसजी कमांडो था।

झांसी में एक साथ जलीं पिता-पुत्र और दो भाइयों की चिताएं, गांव में पसरा मातम

5 सितंबर को मारा गया था मूसा का करीबी

मूसा का करीबी साथी यासिर भी 5 सितंबर को हुई एक मुठभेड़ में मारा गया था। अधिकारियों के मुताबिक, मूसा जम्मू-कश्मीर में कई हमलों में शामिल था और सुरक्षाबलों को उसकी तलाश थी।

Jammu-Kashmir: कठुआ में CISF जवान ने अपने साथियों पर बरसाई गोलियां, चार की मौत

इलाके में अभी भी जारी है तलाशी

सूत्रों का यह भी कहना है कि इस इलाके में एक और शीर्ष गैर-स्थानीय लश्कर कमांडर के छिपे होने की आशंका है। मुठभेड़ के बाद से ही सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर रखा है। आसपास के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है ताकि यह पक्का किया जा सके कि वहां कोई और आतंकी छिपा न हो। फिलहाल, सुरक्षाबलों का अभियान जारी है।

Location :  Srinagar

Published :  30 September 2026, 2:47 AM IST