
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार (Img X)
बारामूला: जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में शुक्रवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उरी के गोहल्लन इलाके में हुआ, जहां पांच लोगों को लेकर जा रहा एक चार पहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक है।
जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए वाहन का पंजीकरण नंबर JK01P-2583 है। दुर्घटना के समय वाहन में पांच लोग सवार थे। हादसे के बाद सभी घायलों को तुरंत उरी के उप-जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चार लोगों ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल बच्ची को बेहतर इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज बारामूला रेफर किया गया है।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 26 वर्षीय सैयद शफीक शाह, उनकी 25 वर्षीय पत्नी रशीदा बानो, सैयद मदाद हुसैन शाह की 17 वर्षीय बेटी दिलनाज फातिमा और आबिद हुसैन शाह की 27 वर्षीय बेटी शाहिदा फातिमा के रूप में हुई है।
वहीं, गंभीर रूप से घायल बच्ची की पहचान सैयद मदाद हुसैन शाह की 11 वर्षीय बेटी मनाज फातिमा के रूप में हुई है।
एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे इलाके के लोग स्तब्ध हैं। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Location : Jammu and Kashmir
Published : 28 November 2026, 1:29 PM IST
Topics : baramulla road accident gohallan accident jammu kashmir accident uri accident uri road accident