
देश में मौसम का दोहरा असर (Img- Internet)
New Delhi: देश के अलग-अलग हिस्सों में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ उत्तर भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने इस असामान्य स्थिति को देखते हुए 12 राज्यों में अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। इन राज्यों में 50 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 24 और 25 अप्रैल को लू की स्थिति बनने की आशंका है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी अगले कुछ दिनों तक तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 से 26 अप्रैल तक लू का प्रकोप जारी रह सकता है।
Weather Update: राजधानी में आसमान से बरस रही आग, जानिये पूर्वोत्तर में मौसम कैसे ले रहा करवट
राजधानी दिल्ली में गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। 23 अप्रैल को तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि 24 और 25 अप्रैल को यह 44 डिग्री तक जाने की संभावना है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में गर्मी से राहत के आसार कम हैं।
उत्तर प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी का असर साफ दिख रहा है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और मेरठ जैसे शहरों में गर्म हवाएं चल रही हैं। वहीं बिहार में 23 अप्रैल को लू चलने के बाद अगले कुछ दिनों में मौसम बदल सकता है। यहां आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
झारखंड के कई जिलों में लू का अलर्ट जारी है, लेकिन 24 अप्रैल से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। वहीं पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में 25 अप्रैल तक गर्म और उमस भरी स्थिति बनी रह सकती है, जबकि उत्तरी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
Weather Update: दिल्ली, UP और बिहार के लिए हीटवेव अलर्ट, जानिये आज के मौसम का हाल
राजस्थान में 24 से 26 अप्रैल के बीच तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। जयपुर, जोधपुर और बीकानेर जैसे शहरों में लू का असर अधिक रहेगा। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 25 अप्रैल के बाद हल्की बारिश की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
Location : New Delhi
Published : 23 April 2026, 7:37 AM IST
Topics : Heatwave Rain Alert Weather News Weather Update