India-US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच जल्द फाइनल होगी ट्रेड डील! विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दिए बड़े संकेत

भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही ट्रेड डील को लेकर एक बड़ा संकेत सामने आया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर के ताजा बयान ने इस समझौते को लेकर नई उम्मीदें जगा दी हैं। आखिर बातचीत किस मोड़ पर पहुंची है और अब आगे क्या होने वाला है? जानिए इस खबर में।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 14 November 2026, 3:02 PM IST

New Delhi: भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार समझौते की बातचीत अब एक निर्णायक चरण में पहुंच गई है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने उम्मीद जताई है कि दोनों देशों के बीच जल्द ही कोई व्यापार समझौता हो सकता है। जयशंकर के अनुसार, बचे हुए मुद्दों पर अमेरिकी पक्ष की ओर से कुछ और बदलाव या तालमेल की जरूरत है।

व्यापार समझौते की बातचीत अंतिम चरण में

एक रिपोर्ट के अनुसार, एस. जयशंकर ने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों ही एक ऐसा व्यापार समझौता करना चाहते हैं जो संतुलित हो और दोनों देशों के लिए फायदेमंद हो। उन्होंने बताया कि वे इन चर्चाओं को लेकर पीयूष गोयल के साथ लगातार संपर्क में हैं।

India US Deal: आखिर कौन-सा 1% मुद्दा रोक रहा है ऐतिहासिक व्यापार समझौता? राजदूत सर्जियो गोर का बड़ा बयान

जयशंकर ने संकेत दिया कि बातचीत अब अपने अंतिम चरण में है। उन्होंने दोहराया कि ज्यादातर मामलों को सुलझा लिया गया है, बस कुछ छोटी-मोटी बातें तय होनी बाकी हैं। उन्होंने आगे कहा कि बचे हुए मुद्दों पर भारतीय पक्ष की तुलना में अमेरिकी पक्ष की ओर से अधिक बदलाव की जरूरत है।

जल्द समझौते की उम्मीद

विदेश मंत्री ने कहा कि जब बातचीत अपने अंतिम चरण में पंहुचती है, तो इसके नतीजों को लेकर उत्सुकता होना स्वाभाविक है। लोग यह जानने चाहते हैं कि कौन से मुद्दे अभी भी अनसुलझे हैं और समझौते को अंतिम रूप देने में और कितना समय लगेगा। अपने पिछले अनुभवों का जिक्र करते हुए जयशंकर ने याद दिलाया कि कई साल पहले भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते के दौरान भी ऐसे ही सवाल उठे थे। उस समय भी लोगों में लगातार यह उत्सुकता थी कि समझौता कब पूरा होगा और इसमें कितना समय लगेगा।

DN Exclusive: भारत–ओमान व्यापार समझौता क्यों है अहम? किस तरह खुलेंगे भारतीय कंपनियों के लिए नए मौके, जानें डील में क्या-क्या खास

दुनिया में बदल रहा है ताकतों का संतुलन

वैश्विक परिदृश्य पर चर्चा करते हुए जयशंकर ने मध्य पूर्व और यूक्रेन में चल रहे संघर्षों, साथ ही अफ्रीका के कुछ हिस्सों में पैदा हुए संकटों की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक व्यवस्था एक बड़े बदलाव से गुजर रही है, जिसमें नई शक्तियां उभर रही हैं। उन्होंने अमेरिका और चीन के बीच प्रतिस्पर्धा को आज के वैश्विक तनाव के कारणों में से एक बताया लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि दुनिया के सामने मौजूद सभी चुनौतियों के पीछे केवल यही एक कारण नहीं है।

Location :  New Delhi

Published :  14 November 2026, 3:02 PM IST