
17 राज्यों में बारिश का कहर (Img: Pinterest)
New Delhi: देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब (डिप्रेशन) अगले 24 घंटों में ओडिशा तट को पार कर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से देश के 17 राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। कई क्षेत्रों में 40 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।
महाराष्ट्र, विशेषकर मुंबई, कोंकण और गोवा में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में व्यापक बारिश के साथ कई स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। जलभराव, पेड़ गिरने और यातायात बाधित होने की आशंका को देखते हुए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 7 से 9 जुलाई के बीच व्यापक बारिश का अनुमान है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में तेज आंधी, बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में 12 जुलाई तक बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में आज इन जिलों में बारिश का कहर, जानिए आपके शहर का मौसम कैसा रहेगा
मध्य भारत और पूर्वी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बेहद खराब रहने वाला है। मध्य प्रदेश में लगातार भारी बारिश का अनुमान है, जबकि छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर बहुत भारी वर्षा हो सकती है। बिहार में आज 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। झारखंड और बिहार में 7 से 8 जुलाई के दौरान कई इलाकों में अत्यधिक बारिश होने की संभावना है।
आसमान में बादलों का पहरा, फिर भी सूखी है दिल्ली; क्या है मानसून की राह में रोड़ा
भारतीय मौसम विभाग ने समुद्री क्षेत्रों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। उत्तर-पश्चिम, मध्य और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के साथ ओडिशा, पश्चिम बंगाल और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में समुद्र बेहद उग्र रहने की आशंका है। विभाग ने मछुआरों को 7 जुलाई तक समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी है। तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से भी प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है।
Location : New Delhi
Published : 7 July 2026, 7:38 AM IST
Topics : Heavy rain Monsoon 2026 UP Weather Weather Update