ईरान-इजरायल युद्ध के बीच फंसे भारतीय, केंद्र सरकार की गुप्त तैयारी शुरू; जानिये क्या है पूरा प्लान?

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और एयरस्पेस बाधित होने के बाद खाड़ी क्षेत्र में फंसे भारतीयों की सुरक्षा चिंता का विषय बनी। केंद्र और राज्यों ने आपात तंत्र सक्रिय कर सुरक्षित वापसी के लिए कदम उठाए।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 3 March 2026, 11:24 AM IST

New Delhi: पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने और कई देशों में एयरस्पेस प्रभावित होने के बाद खाड़ी क्षेत्र में फंसे भारतीयों की सुरक्षा बड़ा मुद्दा बन गया है। विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप और कूटनीतिक पहल की मांग की है।

उड़ानों के रद्द होने और हवाई मार्ग बाधित होने से दुबई, बहरीन, ईरान और अन्य देशों में भारतीयों के फंसे होने की खबरों के बीच राज्यों ने अपने स्तर पर आपात तंत्र सक्रिय कर दिया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बताया कि यूएई (दुबई) में करीब 100 और बहरीन में 9 कन्नड़ प्रवासी उड़ान रद्द होने से प्रभावित हुए हैं। राज्य आपात संचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय कर दिए गए हैं।

केंद्र सरकार को किया अनुरोध

राज्यों ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर लोगों की सुरक्षा और आवश्यकता पड़ने पर उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। एयरलाइंस से टिकट री-शेड्यूलिंग में लचीलापन और पर्याप्त वापसी उड़ानों की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर केरल के प्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित निकासी की अग्रिम तैयारी रखने का आग्रह किया।

Iran Israel War: खामोशी के बीच बड़ा दावा, ट्रंप बोले- ईरान के पास 11 परमाणु बमों जितना यूरेनियम

जम्मू-कश्मीर की चिंता

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ईरान में मौजूद छात्रों और नागरिकों की सुरक्षा पर चिंता जताई। राज्य सरकार ने परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन और समन्वय तंत्र सक्रिय करने की बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विदेश मंत्रालय के संपर्क में है और केंद्र ने इस मुद्दे पर भरोसा दिया है।

खाड़ी क्षेत्र में फंसे भारतीय (Img- Internet)

केंद्र सरकार की सतर्कता

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार पूरी तरह सतर्क है और फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने के लिए तैयार है। संबंधित भारतीय दूतावासों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार चर्चा हो रही है।

जोशी ने कहा कि युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में फिलहाल हवाई यात्रा जोखिम भरी है, इसलिए आगे की कार्रवाई विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर की जाएगी। उन्होंने चिंतित परिवारों से आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा रखने और घबराने से बचने की अपील की। केंद्र सरकार ने दोहराया कि सभी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित वापसी के लिए गंभीर प्रयास जारी हैं।

ईरान संकट पर सपा सांसद का वार: भारतीयों की सुरक्षित वापसी पर केंद्र से जवाब तलब, जानिये क्या कहा…?

भविष्य की तैयारी

राज्यों और केंद्र सरकार ने मिलकर खाड़ी क्षेत्र में फंसे भारतीयों की स्थिति पर लगातार नजर रखी है। जरूरत पड़ने पर बचाव अभियान और विशेष उड़ानों के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित लाने की योजना तैयार है। इस पहल से न केवल फंसे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि उनके परिवारों में फैली चिंता को भी कम किया जा सकेगा।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 3 March 2026, 11:24 AM IST