हिंदी
प्रतीकात्मक फोटो (सोर्स-इंटरनेट)
नई दिल्ली: इस हफ्ते की शुरुआत से लेकर अब तक सोने और चांदी की कीमतों में स्पष्ट गिरावट दर्ज की गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 21 जून को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत ₹98,691 थी, जो 28 जून को घटकर ₹95,784 रह गई है। यानी इस हफ्ते सोना ₹2,907 सस्ता हुआ है।
वहीं चांदी की कीमत में भी गिरावट आई है। 21 जून को 1 किलो चांदी ₹1,06,775 पर थी, जो अब ₹1,05,193 हो गई है। यानी चांदी ₹1,582 सस्ती हुई है।
देश के अलग-अलग शहरों में सोने के दामों में भी थोड़ा-बहुत अंतर देखा गया। दिल्ली में 24 कैरेट सोना ₹97,570 और 22 कैरेट सोना ₹89,450 प्रति 10 ग्राम है। मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में 24 कैरेट सोना ₹97,420 और 22 कैरेट ₹89,300 पर है, जबकि भोपाल में 24 कैरेट ₹97,470 और 22 कैरेट ₹89,350 दर्ज किया गया।
प्रतीकात्मक फोटो (सोर्स-इंटरनेट)
इस साल कितना महंगा हुआ सोना?
1 जनवरी 2025 को 24 कैरेट सोना ₹76,162 प्रति 10 ग्राम था। अब तक इसमें ₹19,622 की बढ़ोतरी हुई है और यह ₹95,784 पर पहुंच चुका है। वहीं चांदी की बात करें तो इसने भी ₹86,017 प्रति किलो से बढ़कर ₹1,05,193 का स्तर छू लिया है।
सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि केवल BIS हॉलमार्क वाला ही सोना खरीदें। सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड होता है जिसे HUID (Hallmark Unique Identification Number) कहते हैं। यह कोड प्रमाणित करता है कि सोना कितने कैरेट का है।
कब मिलेगी असली राहत?
जयपुर के ज्वेलर्स पूरणमल सोनी ने जानकारी दी कि 6 जुलाई से सोने-चांदी के दामों में और गिरावट आ सकती है। यह दिन देवशयन एकादशी है, जिससे चार माह तक मांगलिक कार्यों पर रोक लग जाती है। इससे शादियों और अन्य कार्यक्रमों की संख्या कम हो जाती है, जिससे इनकी मांग घटती है और कीमतें गिरने लगती हैं।
हर साल मलमास और चातुर्मास के दौरान बाजार में सोने-चांदी की कीमतें नीचे आती हैं। देवउठनी एकादशी (1 नवंबर) के बाद फिर से मांग बढ़ती है, जिससे भाव चढ़ सकते हैं।
Location : New Delhi
Published : 28 June 2025, 11:51 AM IST