
भारत के 50वें मुख्य न्यायाधीश डॉ डी वाई चंद्रचूड़
New Delhi: भारतीय न्यायपालिका के आधुनिक दौर को नई दिशा देने वाले शीर्ष न्यायविदों में एक प्रतिष्ठित नाम है- डॉ न्यायमूर्ति धनंजय यशवंत चंद्रचूड़। आज उनका 66वाँ जन्मदिवस है। देशभर के लाखों युवा उन्हें अपना आदर्श और मार्गदर्शक मानते हैं। उनकी शैक्षणिक यात्रा अद्वितीय है। दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक, कानून की पढ़ाई, और उसके बाद हार्वर्ड लॉ स्कूल से एल.एल.एम. तथा डॉक्टरेट- वैश्विक कानूनी दृष्टि और भारतीय संवैधानिक सोच का यह संगम उनके व्यक्तित्व की मजबूत नींव बना।
कानूनी करियर की शुरुआत बॉम्बे हाई कोर्ट से हुई, जहाँ उनकी स्पष्ट विधिक समझ, संवैधानिक सिद्धांतों पर पकड़ और मानवाधिकारों के प्रति गहरी संवेदना ने उन्हें विशिष्ट पहचान दिलाई। 2000 में वे बॉम्बे हाई कोर्ट के न्यायाधीश बने, 2013 में इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, और 2016 में सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश। वर्ष 2022 में वे भारत के 50वें प्रधान न्यायाधीश बने। निजता के अधिकार, व्यक्तिगत स्वतंत्रता, समानता और डिजिटल न्याय जैसे क्षेत्रों में उनके ऐतिहासिक निर्णय भारतीय न्यायशास्त्र को स्थायी दिशा देते हैं। उनका न्यायिक दर्शन हमेशा नागरिकों की गरिमा और संविधान की आत्मा के लिए प्रतिबद्ध रहता है।
डॉ. चंद्रचूड़ मानवीय मूल्यों के प्रबल समर्थक हैं। दो बच्चियों को गोद लेकर उन्होंने समाज के सामने संवेदनशीलता और जीवन-मूल्यों का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया। वे दो पुत्रों और दो पुत्रियों के पिता हैं, और उनकी सबसे करीबी मित्र तथा जीवन-संगीनी उनकी पत्नी कल्पना दास हैं। नवंबर 2024 में सेवानिवृत्ति के बाद उनकी व्यस्तता और अधिक बढ़ गई। देश और दुनिया के शीर्ष शिक्षण संस्थान उन्हें व्याख्यान हेतु आमंत्रित कर रहे हैं। अनेक राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय संस्थाएँ उन्हें सम्मान और पुरस्कार प्रदान कर रही हैं।
आज वे दुनिया भर में भारत के एक विख्यात, globally acclaimed intellectual jurist के रूप में पहचाने जाते हैं। डॉ. डी.वाई. चंद्रचूड़- एक ऐसे न्यायविद, जिन्होंने कानून की व्याख्या के साथ-साथ उसे मानवीय, संवैधानिक और वैश्विक मूल्यों की नई ऊर्जा प्रदान की। यह प्रेरक यात्रा भारतीय लोकतंत्र की न्याय-आधारित नींव को और सुदृढ़ बनाती है। Dynamite News राष्ट्र के 50वें प्रधान न्यायाधीश डॉ डी वाई चंद्रचूड़ को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई और शुभकामनायें देता हैं कि वे इसी तरह राष्ट्र की सेवा में अपना योगदान देते रहें।
Location : New Delhi
Published : 11 November 2025, 3:53 PM IST
Topics : DY Chandrachud Birthday DY Chandrachud Dynamite News Former Chief Justice of India Indian Judiciary