1 जुलाई से बड़ा बदलाव: गैस सिलेंडर के दाम से लेकर क्रेडिट कार्ड और आधार के नियमों तक, बदलने जा रही हैं ये 5 चीजें!

1 जुलाई से देश में कई महत्वपूर्ण नियम बदलने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आपके बजट और बैंकिंग पर पड़ेगा। इसमें आधार कार्ड में मुफ्त ईमेल अपडेट, एलपीजी सिलेंडर की समीक्षा और एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड के नए नियम शामिल हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 June 2026, 11:14 AM IST

New Delhi: जून का महीना खत्म होने को है और जुलाई के आते ही देश में कई जरूरी नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं। ये बदलाव सीधे तौर पर आम आदमी के बजट, घरेलू रसोई और बैंकिंग कामकाज से जुड़े हैं। यदि आप भी अपने वित्तीय कामों को समय पर पूरा करना चाहते हैं, तो 1 तारीख से आपकी जिंदगी में क्या-क्या बदलने वाला है, इसकी पूरी जानकारी होना आपके लिए बेहद ज़रूरी है। आइए जानते हैं उन 5 बड़े बदलावों के बारे में जो 1 जुलाई से प्रभावी होने जा रहे हैं।

क्या फिर महंगा होगा रसोई गैस सिलेंडर?

सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। हाल के समय में जारी अंतरराष्ट्रीय और भू-राजनीतिक तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर ईंधन की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या 1 जुलाई को कंपनियां घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाती हैं या फिर आम जनता को महंगाई से थोड़ी राहत मिलती है।

आधार कार्ड में ईमेल अपडेट करना हुआ मुफ्त

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आम नागरिकों को एक बड़ी राहत दी है। 1 जुलाई से आप अपने आधार कार्ड में अपनी ईमेल आईडी पूरी तरह से मुफ्त में अपडेट करवा सकते हैं। सरकार ने इस विशेष छूट के लिए 6 महीने (जुलाई से दिसंबर तक) का लंबा समय दिया है। आपको बता दें कि पहले इस जरूरी सुविधा का लाभ उठाने के लिए 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था, जिसे अब पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।

LPG Price Today: गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को राहत? जानिए कब तक सस्ता हो सकता है गैस सिलेंडर

ATF, CNG और PNG की कीमतों में बदलाव की आहट

मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में जारी तनाव का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय बाजार के साथ-साथ घरेलू बाजार में एयर टरबाइन फ्यूल (ATF), सीएनजी (CNG) और पीएनजी (PNG) की कीमतों पर पड़ रहा है। चूंकि सरकार देश में पीएनजी के इस्तेमाल को लगातार बढ़ावा दे रही है, इसलिए जुलाई की शुरुआत में इन ईंधनों की कीमतों में संशोधन की पूरी संभावना है। इसका सीधा असर आपके हवाई यात्रा खर्च और घर की रसोई के मासिक बजट पर पड़ सकता है।

HDFC बैंक के क्रेडिट कार्ड नियमों में सख्ती

यदि आप HDFC बैंक के 'रेगैलिया गोल्ड क्रेडिट कार्ड' (Regalia Gold Credit Card) का इस्तेमाल करते हैं, तो यह बदलाव आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। 1 जुलाई से एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस के नियम काफी सख्त होने जा रहे हैं। नए नियम के तहत, अब फ्री लाउंज सुविधा का लाभ उठाने के लिए आपको पिछली तिमाही में कम से कम 60 हजार रुपये खर्च करने होंगे। यह बदलाव उन उपभोक्ताओं को प्रभावित करेगा जो मुख्य रूप से ट्रेवल बेनिफिट्स के लिए इस कार्ड का उपयोग करते हैं।

कल बैंक जाएंगे तो हो सकता है लौटना पड़े खाली हाथ! मोहर्रम से पहले जानिए यूपी में Bank खुलेंगे या बंद?

जुलाई में 12 दिन बंद रहेंगे बैंक

जुलाई का महीना छुट्टियों के लिहाज से काफी व्यस्त रहने वाला है। देशभर में अलग-अलग त्योहारों और क्षेत्रीय उत्सवों की वजह से अलग-अलग राज्यों में बैंक कुल 12 दिन बंद रह सकते हैं। इस लिस्ट में 6 साप्ताहिक छुट्टियां (रविवार और दूसरे व चौथे शनिवार) भी शामिल हैं। ऐसे में डिजिटल बैंकिंग का उपयोग करें और बैंक शाखा से जुड़ा कोई भी जरूरी काम इन छुट्टियों की लिस्ट को देखकर ही प्लान करें।

Location :  New Delhi

Published :  26 June 2026, 11:14 AM IST