Weather Update: फरवरी में गर्मी के बीच बदलेगा मौसम, इन 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट

फरवरी में बढ़ती गर्मी के बीच IMD ने 17 से 19 फरवरी तक 10 राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर, यूपी, उत्तराखंड, राजस्थान समेत कई राज्यों में मौसम बदलने की संभावना।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 17 February 2026, 8:01 AM IST

New Delhi: देश के अधिकांश हिस्सों में फरवरी के महीने में ही तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कई राज्यों में मार्च जैसी गर्मी महसूस की जा रही है। इसी बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। India Meteorological Department (आईएमडी) ने 17 से 19 फरवरी तक 10 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 17 और 18 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है।

जिन राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, राजस्थान, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और तमिलनाडु शामिल हैं। ओडिशा के कुछ हिस्सों में 18 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का हाल

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में इस सिस्टम का असर ज्यादा दिख सकता है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, शामली, गाजियाबाद और नोएडा में 17-18 फरवरी को हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि भारी वर्षा की चेतावनी नहीं है।

उत्तराखंड के चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और उधमसिंह नगर जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। 18 और 19 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में 17 फरवरी को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। दोपहर में हल्की गर्मी महसूस होगी। इसके बाद अगले 24 घंटों में मौसम बदल सकता है और हल्की बारिश के साथ 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Weather Update: फरवरी में बदला मौसम का मिजाज, जानें बारिश को लेकर क्या है नया अपडेट?

हिमाचल, कश्मीर और लद्दाख

हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, ऊना, हमीरपुर और कुल्लू जिलों में 17 और 18 फरवरी को बारिश का अनुमान है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू, कुलगाम, कुपवाड़ा, बारामूला, बांदीपोरा और अनंतनाग में भी बारिश हो सकती है। लद्दाख के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव के संकेत हैं।

राजस्थान और मध्य प्रदेश

राजस्थान के हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू में हल्की बारिश के आसार हैं। दोपहर बाद बादल छा सकते हैं और तेज हवाएं चल सकती हैं। मध्य प्रदेश में 18 और 19 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और होशंगाबाद जिलों में वर्षा की संभावना है।

Weather Update: फरवरी में मार्च जैसी गर्मी के बाद बदलेगा मौसम, जानें महाशिवरात्रि पर कैसा रहेगा मौसम?

बिहार में फिलहाल राहत

बिहार में फिलहाल बारिश का अनुमान नहीं है। हालांकि मिथिलांचल और सीमांचल में मध्यम कोहरा और हल्की ठंड बनी रह सकती है। फरवरी में बढ़ती गर्मी के बीच यह बारिश अस्थायी राहत दे सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के अनुसार सतर्क रहने और ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 17 February 2026, 8:01 AM IST