ED Raid NHAI Toll Scam: फर्जी टोल वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग! ED की 7 राज्यों में 14 ठिकानों पर छापेमारी

NHAI टोल प्लाजा धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई राज्यों में 14 ठिकानों पर छापेमारी की है। जांच एजेंसी फर्जी टोल रसीद, अनधिकृत सॉफ्टवेयर और अवैध कमाई से जुड़े डिजिटल व दस्तावेजी सबूत जुटा रही है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 2 September 2026, 9:27 AM IST

नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के टोल प्लाजा से जुड़े कथित धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। ईडी ने कई राज्यों में करीब 14 ठिकानों पर छापेमारी की।

केंद्रीय एजेंसी की यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला टोल प्लाजा पर अवैध तरीके से टोल वसूली और उससे हुई कमाई को सिस्टम से बाहर भेजने से जुड़ा है।

UP से बंगाल तक ED की छापेमारी

ईडी की टीम ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, दिल्ली-NCR और पश्चिम बंगाल में तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की दो एफआईआर के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की गई थी।

अनधिकृत सॉफ्टवेयर से टोल रसीदों में हेराफेरी का आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार, एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि टोल रसीदें बनाने के लिए अनधिकृत सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन का इस्तेमाल किया गया। इसके जरिए टोल से होने वाली कमाई को आधिकारिक अकाउंटिंग सिस्टम से बाहर डायवर्ट किया गया।

फोरेंसिक जांच में सामने आया सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल

ईडी अधिकारियों ने बताया कि फोरेंसिक जांच और NHAI के रिकॉर्ड से ऐसे सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है। छापेमारी का उद्देश्य डिजिटल सबूत, दस्तावेज और वित्तीय लेनदेन से जुड़ी जानकारी जुटाना है।

एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित घोटाले से कौन-कौन लोग जुड़े हैं और अवैध तरीके से अर्जित धन का लाभ किन लोगों को मिला।

Location :  New Delhi

Published :  2 September 2026, 9:27 AM IST