
एयरपोर्ट पर परेशान यात्री
New Delhi: इंडिगो एयरलाइन की उड़ानों में लगातार पांचवें दिन मची अफरा-तफरी के बाद विमानन नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने बेहद सख्त रुख अपना लिया है। DGCA ने शनिवार को इंडिगो को दूसरा 'कारण बताओ नोटिस' जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। DGCA ने कहा कि बड़े पैमाने पर परिचालन विफलता यात्रियों के लिए गंभीर असुविधा, कठिनाई और संकट का कारण बनी है जिसकी जिम्मेदारी तय करने के लिए नोटिस जारी किया गया हैं।
इससे पहले DGCA ने इंडिगो के परिचालन संकट के लिए सीधे तौर पर CEO पीटर एल्बर्स को जवाबदेह ठहराते हुए उन्हें पहला शो कॉज नोटिस जारी किया था। पहले नोटिस में नियामक ने कहा था कि सीईओ के रूप में आप एयरलाइन के प्रभावी प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार हैं, और आपने विश्वसनीय संचालन सुनिश्चित करने तथा यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में अपनी ड्यूटी में लापरवाही की है।
इंडिगो की उड़ानों के लगातार रद्द होने से हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। इसी को लेकर परिवहन, पर्यटन और नागरिक उड्डयन पर बनी संसदीय समिति ने सख्त रुख अपनाया है। सूत्रों के मुताबिक, समिति जल्द ही इंडिगो के अधिकारियों, अन्य एयरलाइंस, DGCA और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों को तलब करेगी।
समिति के अध्यक्ष और जेडीयू सांसद संजय कुमार झा की अध्यक्षता में इस पूरे घटनाक्रम पर विस्तृत चर्चा होगी और सभी पक्षों से जवाब मांगे जाएंगे। समिति इस बात की भी जांच करेगी कि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा ना हो।
इंडिगो ने बयान जारी कर कहा कि उसने नेटवर्क को 'रीबूट' करने के लिए बड़ी संख्या में फ्लाइट्स रद्द कीं। कंपनी के अनुसार, एक दिन में 700 से ज्यादा उड़ानों का संचालन किया गया और 113 डेस्टिनेशन को जोड़ा गया। एयरलाइन ने दावा किया कि वो अब दिन के अंत तक 1500 से ज्यादा फ्लाइट्स ऑपरेट करने की दिशा में आगे बढ़ रही है और 138 में से 135 डेस्टिनेशन पर सर्विस बहाल कर दी गई है। कंपनी ने यात्रियों से माफी मांगते हुए भरोसा दिलाया है कि भरोसा फिर से बहाल किया जाएगा।
Location : New Delhi
Published : 7 December 2025, 2:43 PM IST
Topics : DGCA flights Indigo Crisis notice passengers