
देवघर सदर अस्पताल में विश्व एएमआर जागरूकता सप्ताह के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया।(img-dynamite news)
Deoghar: झारखंड के देवघर जिले में ICMR की रिपोर्ट में कई ऐसे खतरनाक बैक्टीरिया हैं, जिनपर दवाओं का घटता असर उजागर हो रहा है। सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन ने ग्रामीण क्षेत्रों तक अभियान पहुंचाने की कही बात; लेकिन जिले में AMR की जांच और निगरानी की स्थिति जानना भी अब जरूरी है।
कार्यक्रम में अस्पताल के सिविल सर्जन के साथ कई वरिष्ठ चिकित्सक भी मौजूद रहे(img-dynamite news)
पहले के समय में जिस एंटीबायोटिक दवा से सामान्य संक्रमण कुछ दिनों में ठीक हो जाता था, भविष्य में उसी दवा का असर नहीं होना चिकित्सा जगत के सामने बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। बिना चिकित्सकीय सलाह एंटीबायोटिक का सेवन, बीच में दवा छोड़ देना और जरूरत से ज्यादा दवाओं का इस्तेमाल इस खतरे को बढ़ाने वाले कारणों में शामिल हैं। एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) यानी रोगाणुरोधी प्रतिरोध अब केवल चिकित्सा विशेषज्ञों की चिंता नहीं, बल्कि आम लोगों की सेहत से जुड़ा गंभीर सवाल बन चुका है। इसी खतरे को लेकर देवघर सदर अस्पताल में विश्व एएमआर जागरूकता सप्ताह के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल के सिविल सर्जन के साथ कई वरिष्ठ चिकित्सक भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- देवरिया में सड़क हादसा: पिता की मौत, बेटे की हालत गंभीर
एएमआर का खतरा कितना गंभीर हो चुका है, इसका अंदाजा भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) की वर्ष 2025 की निगरानी रिपोर्ट से लगाया जा सकता है। रिपोर्ट में देश के 30 बड़े अस्पतालों से 1,13,008 और 34 सेकेंडरी केयर अस्पतालों से 20,529 कल्चर पॉजिटिव नमूनों का विश्लेषण किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार बड़े अस्पतालों में जांचे गए E. coli बैक्टीरिया के नमूनों में Cefotaxime एंटीबायोटिक के प्रति संवेदनशीलता महज 18.4 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं, Acinetobacter baumannii के 360 नमूनों में 328 यानी 91.1 प्रतिशत में Carbapenem प्रतिरोध पाया गया। यह ऐसी स्थिति है, जहां संक्रमण के इलाज में इस्तेमाल होने वाली महत्वपूर्ण एंटीबायोटिक दवाओं के सामने भी चुनौती खड़ी हो रही है। इसका सीधा मतलब यह है कि संक्रमण होने पर हर एंटीबायोटिक काम नहीं करेगी। मरीज को कौन-सी दवा दी जाए, इसका निर्णय सही चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञ की सलाह से होना जरूरी है। एएमआर के कारण सामान्य संक्रमण का इलाज भी जटिल हो सकता है और गंभीर मरीजों के लिए जोखिम बढ़ सकता है।
Location : Deoghar
Published : 21 November 2026, 5:50 PM IST