IGI एयरपोर्ट के T-3 में घुसा पानी, 400 से ज्यादा उड़ानों पर लगा ब्रेक; क्या मात्र दो घंटे की बारिश ने फेल किया ड्रेनेज सिस्टम?

दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश के बाद इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। खराब मौसम के कारण 9 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा और 400 से अधिक फ्लाइट्स लेट हुईं। वहीं टर्मिनल-3 के फोरकोर्ट में भारी जलभराव से यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 4 September 2026, 6:52 PM IST

New Delhi: जन्माष्टमी के दिन दिल्ली-NCR में मौसम अचानक बदल गया। शुक्रवार दोपहर हुई भारी बारिश का असर राजधानी के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGIA) के कामकाज पर पड़ा। खराब मौसम की वजह से कम से कम नौ उड़ानों का रास्ता बदलना पड़ा, जबकि 400 से ज्यादा उड़ानें देरी से चलीं।

कई डायवर्ट की गईं उड़ानें

एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, खराब मौसम के कारण शुक्रवार को दोपहर 3:30 बजे से 4:30 बजे के बीच नौ उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट पर भेजना पड़ा। इनमें से चार उड़ानें जयपुर, चार लखनऊ और एक अहमदाबाद भेजी गईं। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइटों के डेटा से पता चलता है कि भारी बारिश और तेज हवाओं से बड़ी संख्या में उड़ानें प्रभावित हुईं।

यह भी पढ़ें - जन्माष्टमी पर बदला दिल्ली-NCR का मौसम, तेज हवाओं के साथ बारिश; जानें शनिवार का Forecast

टर्मिनल 3 के बाहर जलजमाव

बारिश के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर टर्मिनल 3 के सामने वाले इलाके (फोरकोर्ट) में भारी जलजमाव हो गया। अराइवल गेट तक पहुंचने के लिए यात्रियों को पानी कम होने का इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों को पानी में से होकर गुजरना पड़ा, जिससे उन्हें काफी परेशानी हुई।

एयरपोर्ट स्टाफ ने भी जलजमाव पर चिंता जताई और कहा कि लंबे समय से वहां काम करने के बावजूद उन्होंने कभी ऐसी स्थिति नहीं देखी थी। यात्रियों ने ड्रेनेज सिस्टम पर सवाल उठाए और उसमें सुधार की मांग की।

दिल्ली-NCR के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले कुछ घंटों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में 50 से 100 मिलीमीटर तक बारिश होने और लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें - Video: रिकॉर्ड तोड़ बारिश के बाद कानपुर पर नई आफत? IMD का नया अलर्ट जारी; जानिए अब कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में से एक, IGIA से रोजाना 1,300 से ज्यादा उड़ानें संचालित होती हैं। ऐसे में खराब मौसम के कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

Location :  New Delhi

Published :  4 September 2026, 6:52 PM IST