हिंदी
मालवीय नगर अग्निकांड (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
New Delhi: दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने राजधानी को एक बार फिर बड़े हादसों की याद दिला दी है। हौज रानी स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट और उससे जुड़ी बिल्डिंग में लगी आग में अब तक 20 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे ने पिछले कुछ वर्षों में दिल्ली में हुई बड़ी आग की घटनाओं को फिर चर्चा में ला दिया है, जिनमें दर्जनों लोगों ने अपनी जान गंवाई थी।
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार बुधवार सुबह 9.45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग मालवीय नगर के लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट वाली बिल्डिंग में लगी। घटना के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया गया।
अब तक बिल्डिंग से 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। वहीं बेसमेंट से भी तीन लोगों का रेस्क्यू किया गया। अधिकारियों के मुताबिक कई घायलों की हालत गंभीर है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार जिस इमारत में आग लगी वह छह मंजिला थी और वहां फ्लोरिस स्टे होटल भी संचालित किया जा रहा था।
मालवीय नगर रेस्टोरेंट अग्निकांड का नया वीडियो आया सामने | Delhi Malviya Nagar Fire |#Fire #Restaurant #Delhi #MalviyaNagar #ViralVideo #DynamiteNews pic.twitter.com/NiUVREdgay
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) June 3, 2026
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह करीब 8.51 बजे ग्राउंड फ्लोर पर आग भड़की थी। आग पर काबू पाने के प्रयास में जब भवन का कांच तोड़ा गया तो लपटें और धुआं तेजी से बेसमेंट की ओर फैल गया। इसके बाद पूरी इमारत में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग अंदर फंस गए।
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद दुखद हादसा है। उन्होंने बताया कि पुलिस, नागरिक प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं तथा राहत और बचाव कार्य जारी है। अधिकारियों को तत्काल चिकित्सा सहायता, राहत कार्य और मामले की गहन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं SDM जितेंद्र कुमार ने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार घटनास्थल से चार शव बरामद किए गए थे, जिन्हें अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और संबंधित विभागों को भी निर्देश दिए जाएंगे कि अवैध गतिविधियों तथा अनुमति की आड़ में चल रहे संचालन की जांच की जाए।
दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड पर कहा कि मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर इमारत के मालिक को गिरफ्तार किया जाएगा #AshishSood #MalviyaNagar #DelhiFire #FireAccident… pic.twitter.com/Sezx6nTc60
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) June 3, 2026
1. विवेक विहार बेबी केयर अस्पताल हादसा (मई 2024)
मई 2024 में पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार स्थित बेबी केयर न्यू बॉर्न हॉस्पिटल में भीषण आग लग गई थी। इस दर्दनाक हादसे में सात नवजात बच्चों की मौत हो गई थी। घटना ने अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे।
2. अलीपुर पेंट फैक्ट्री अग्निकांड (फरवरी 2024)
फरवरी 2024 में दिल्ली के अलीपुर क्षेत्र में एक पेंट फैक्ट्री में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे। आग और विस्फोट की वजह से आसपास के इलाके में भी दहशत फैल गई थी।
3. मुंडका कमर्शियल बिल्डिंग हादसा (मई 2022)
मई 2022 में पश्चिमी दिल्ली के मुंडका इलाके में चार मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग में आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई थी। यह राजधानी के सबसे भयावह अग्निकांडों में से एक माना जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग इमारत के भीतर फंस गए थे।
Delhi Fire: दिल्ली में आग का तांडव! चार मंजिला इमारत में आग का कहर, चार की मौत, कई झुलसे
मालवीय नगर का ताजा हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर रहा है कि राजधानी में व्यावसायिक भवनों, होटलों, अस्पतालों और फैक्ट्रियों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन कितना प्रभावी है। पिछले कुछ वर्षों में हुई बड़ी घटनाओं की तरह इस हादसे ने भी सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
Location : New Delhi
Published : 3 June 2026, 2:04 PM IST