VVIP मूवमेंट और BRICS Summit से थमेगी दिल्ली की रफ्तार! 12 सितंबर की लोक अदालत टली, जान लें ट्रैफिक के नए नियम

BRICS Summit के कारण 11 से 13 सितंबर तक दिल्ली में आम लोगों की आवाजाही पर असर पड़ सकता है। लोक अदालत की तारीख बदलने से लेकर कॉमर्शियल वाहनों की एंट्री, DTC बसों के रूट और कैब पिकअप-ड्रॉप तक कई बड़े बदलाव किए गए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 September 2026, 2:02 PM IST

New Delhi: नई दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले BRICS Summit को देखते हुए राजधानी में कई स्तरों पर व्यवस्थाओं में बदलाव किया गया है। इसी क्रम में 12 सितंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत अब 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके अलावा 11 सितंबर की छुट्टी के कारण होने वाली बैठक अब 3 अक्टूबर को और 12 सितंबर की छुट्टी के बाद निर्धारित बैठक 14 नवंबर को होगी। 11 और 12 सितंबर को सूचीबद्ध मामलों की सुनवाई अब 14 सितंबर को की जाएगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अदालत जाने से पहले अपनी संशोधित तारीख जरूर जांच लें।

11 से 13 सितंबर तक दिल्ली में BRICS Summit

राजधानी में 11 से 13 सितंबर तक BRICS सम्मेलन आयोजित होना प्रस्तावित है। इसमें सदस्य और साझेदार देशों के राष्ट्राध्यक्ष, वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल, अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख और कारोबारी प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। वीवीआईपी आवाजाही को देखते हुए नई दिल्ली और मध्य दिल्ली समेत कई इलाकों में यातायात को कुछ समय के लिए रोका या वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जा सकता है। पुलिस ने लोगों से घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देखने और निर्धारित डायवर्जन का पालन करने को कहा है।

दिल्ली की सीमाओं पर कॉमर्शियल वाहनों की एंट्री पर रोक

विशेष पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) दिनेश कुमार गुप्ता के अनुसार, सम्मेलन के दौरान दिल्ली की सीमाओं से दूसरे राज्यों के कॉमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को जरूरत के मुताबिक प्रवेश दिया जाएगा। वीवीआईपी मूवमेंट के समय इन वाहनों को भी वैकल्पिक रास्तों से भेजा जा सकता है। यदि किसी विदेशी प्रतिनिधिमंडल का बाजार या ऐतिहासिक स्थल जाने का कार्यक्रम बनता है, तो सुरक्षा व्यवस्था के चलते संबंधित इलाके में भी अस्थायी यातायात प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।

BRICS Summit 2026: दिल्ली में 35 सड़कें प्रभावित, 22 जगह डायवर्जन; एयरपोर्ट-स्टेशन जाने वालों के लिए एडवाइजरी

DTC बसों के रूट में भी होगा बदलाव

दिल्ली पुलिस ने डीटीसी के साथ विस्तृत ट्रैफिक प्लान साझा किया है। प्रतिबंधित क्षेत्रों में डीटीसी बसों की आवाजाही नहीं होगी और 11 से 13 सितंबर के दौरान बसें केवल स्वीकृत रूट पर संचालित की जाएंगी। दूसरी ओर, यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। पुलिस ने लोगों को सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करने की सलाह भी दी है।

Google Maps पर मिलेंगे रियल टाइम ट्रैफिक अपडेट

यात्रियों को डायवर्जन की जानकारी देने के लिए दिल्ली पुलिस ने Google Maps के अधिकारियों के साथ भी यातायात योजना साझा की है। सम्मेलन के दौरान सड़कों पर लागू होने वाले डायवर्जन और अन्य बदलावों को रियल टाइम में अपडेट किए जाने की व्यवस्था की गई है। पुलिस की ओर से भी समय-समय पर ट्रैफिक संबंधी नए अपडेट जारी किए जाएंगे, ताकि लोग भीड़भाड़ वाले रास्तों से बचकर वैकल्पिक मार्ग अपना सकें।

ऑनलाइन कैब के पिकअप-ड्रॉप पर भी प्रतिबंध

सुरक्षा कारणों से प्रतिबंधित इलाकों में ऑनलाइन टैक्सी सेवाओं के पिकअप और ड्रॉप की अनुमति नहीं होगी। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य जरूरी आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी। मथुरा रोड, तिलक मार्ग, महाराजा रंजीत सिंह मार्ग, मदर टेरेसा क्रीसेंट, साइमन बोलिवर मार्ग, सरदार पटेल मार्ग, शांति मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, अमृता शेरगिल मार्ग और मैक्स मूलर मार्ग समेत कई प्रमुख सड़कों पर आवश्यकता के अनुसार यातायात को नियंत्रित या डायवर्ट किया जा सकता है।

BRICS Summit 2026: दिल्ली आ रहे ईरान के राष्ट्रपति! मोदी से होगी महा-बैठक, चाबहार और व्यापार पर टिकी पूरी दुनिया की नजरें

रिहर्सल के दौरान 35 से ज्यादा सड़कों पर असर

BRICS सम्मेलन से पहले वीवीआईपी काफिले की रिहर्सल के चलते बुधवार शाम दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित रहा। शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक चली रिहर्सल के दौरान नई दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली और लुटियंस जोन की 35 से अधिक सड़कों पर ट्रैफिक नियंत्रित किया गया। करीब 22 प्रमुख स्थानों पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजा गया। सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रीसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, जनपथ, कनॉट प्लेस के बाहरी क्षेत्र, मथुरा रोड, इंडिया गेट-सी हेक्सागन, अकबर रोड, शांति पथ और सफदरजंग रोड पर भी यातायात की रफ्तार प्रभावित रही।

विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए सज रही नई दिल्ली

BRICS Summit को लेकर नई दिल्ली को सजाने का काम भी तेज कर दिया गया है। NDMC की ओर से प्रमुख सड़कों, चौराहों और वीआईपी रूट पर 15 हजार से अधिक गमलों में पौधे लगाने की तैयारी की गई है। इसके साथ ही 15 पुष्प बोर्ड और नौ पुष्प फव्वारे भी लगाए जा रहे हैं। भारत मंडपम की ओर जाने वाले रास्तों, बाजारों, होटल क्षेत्रों और गोलचक्करों पर फूलदार एवं सजावटी पौधों के जरिए लैंडस्केपिंग की जा रही है। खाली स्थानों पर बहुस्तरीय पौधरोपण कर हरित क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं।

चाणक्यपुरी का रोज गार्डन भी संवारा जा रहा

विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए चाणक्यपुरी स्थित करीब तीन एकड़ के BRICS Friendship Rose Garden को भी तैयार किया जा रहा है। इस गार्डन में गुलाब की 107 किस्में मौजूद हैं। सम्मेलन से पहले इसकी सजावट और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि राजधानी आने वाले विदेशी प्रतिनिधियों को बेहतर माहौल मिल सके।

Location :  New Delhi

Published :  10 September 2026, 2:02 PM IST