
इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग (Img- Internet)
New Delhi: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक यात्री विमान को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 579 को लैंडिंग से ठीक पहले तकनीकी या सुरक्षा कारणों से आपात स्थिति घोषित करनी पड़ी। हालांकि, राहत की बात यह रही कि विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जैसे ही इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिली, एयरपोर्ट प्रशासन और फायर सर्विस तुरंत अलर्ट मोड में आ गए। रनवे के पास दमकल विभाग की कई गाड़ियां तैनात कर दी गईं। फायर सर्विस विभाग के अनुसार, उन्हें सुबह 10:53 बजे इमरजेंसी की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। सभी एजेंसियों ने समन्वय बनाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट में कुल 161 यात्री सवार थे। विमान ने सुबह 10:39 बजे इमरजेंसी घोषित की और करीब 10:53 बजे सुरक्षित लैंडिंग कर ली। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतारा गया। किसी भी यात्री को चोट या नुकसान की कोई सूचना नहीं है, जिससे एक बड़ी राहत मिली है।
दिल्ली में स्पाइसजेट विमान की अचानक करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग, जानें क्यों लिया गया ये फैसाल
एयरपोर्ट और एयरलाइंस प्रशासन ने तुरंत सभी आवश्यक प्रोटोकॉल लागू किए। इंडिगो एयरलाइंस की टीम और ग्राउंड स्टाफ ने यात्रियों की सहायता की और उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। साथ ही, तकनीकी टीम विमान की जांच में जुट गई है, ताकि इमरजेंसी की असली वजह का पता लगाया जा सके।
फिलहाल, इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, किसी तकनीकी खराबी या अन्य सुरक्षा कारणों से यह इमरजेंसी घोषित की गई थी। एयरपोर्ट पर सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है और सुरक्षा-व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा किया जाएगा।
Location : New Delhi
Published : 28 March 2026, 1:00 PM IST