पुण्यतिथि विशेष: लाठीचार्ज में घायल होने के बाद भी नहीं झुके लाला लाजपत राय, देश के लिए दे दी जान

लाला लाजपत राय की आज पुण्यतिथि है। आज ही के दिन उन्होंने अंतिम सांस ली थी। उनका जीवन साहस, देशभक्ति और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष की मिसाल है। उन्होनें देश को गुलामी से आजाद कराने के लिए हस्तें- हस्तें अपनी जान दे दी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 November 2026, 9:04 AM IST

New Delhi: भारत की आजादी की लड़ाई में कई ऐसे वीर सपूत हुए, जिन्होंने देश को स्वतंत्र कराने के लिए अपना जीवन तक न्योछावर कर दिया। इन्हीं महान स्वतंत्रता सेनानियों में एक नाम लाला लाजपत राय का भी है। उन्हें 'पंजाब केसरी' के नाम से जाना जाता है। 17 नवंबर को उनकी पुण्यतिथि मनाई जाती है। साल 1928 में आज ही के दिन उन्होंने अंतिम सांस ली थी। उनका जीवन साहस, देशभक्ति और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष की मिसाल है। लाला लाजपत राय का जन्म 28 जनवरी 1865 को पंजाब के धुडीके गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम मुंशी राधा कृष्ण आजाद और माता का नाम गुलाब देवी था। बचपन से ही उनमें देश और समाज के प्रति कुछ करने का जज्बा था। उन्होंने वकालत की पढ़ाई की, लेकिन उनका मन केवल अपने करियर तक सीमित नहीं रहा। वह देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद देखना चाहते थे।

साइमन कमीशन का विरोध करने पर अंग्रेजों ने किया था लाठीचार्ज

लाला लाजपत राय ने बाल गंगाधर तिलक और बिपिन चंद्र पाल के साथ मिलकर आजादी की लड़ाई को नई दिशा दी। इन तीनों नेताओं को 'लाल-बाल-पाल' के नाम से जाना जाता था। साल 1928 में जब अंग्रेजों ने भारत में साइमन कमीशन भेजा, तो देशभर में इसका विरोध शुरू हो गया। इस कमीशन में एक भी भारतीय सदस्य नहीं था। 30 अक्टूबर 1928 को जब साइमन कमीशन लाहौर पहुंचा, तो लाला लाजपत राय ने इसके खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध मार्च का नेतृत्व किया। प्रदर्शन के दौरान अंग्रेज पुलिस ने लोगों पर लाठियां बरसाईं। इस लाठीचार्ज में लाला लाजपत राय गंभीर रूप से घायल हो गए। चोटों के कारण उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई और 17 नवंबर 1928 को उनका निधन हो गया।

साइमन कमिशन के तीन नेताओं को लाल -बाल- पाल के नाम से जाना जाता था(x)

उनका एक बयान बन गया इतिहास

लाठीचार्ज में घायल होने के बाद भी लाला लाजपत राय ने हिम्मत नहीं हारी थी। उन्होंने कहा था कि उनके शरीर पर पड़ी एक-एक लाठी ब्रिटिश शासन के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी। उनका यह बयान आज भी देश के इतिहास में याद किया जाता है। उनकी मौत ने देशभर के युवाओं में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ गुस्सा बढ़ा दिया था।

शिक्षा और समाज सेवा के लिए भी किया काम

लाला लाजपत राय केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि एक अच्छे लेखक, पत्रकार और समाज सुधारक भी थे। उन्होंने शिक्षा के प्रसार और समाज में फैली बुराइयों को दूर करने के लिए काम किया। उन्होंने 1921 में 'सर्वेंट्स ऑफ द पीपल सोसाइटी' की स्थापना की। इस संस्था का उद्देश्य लोगों की सेवा करना और समाज में सुधार लाना था। उन्होंने कई किताबें भी लिखीं, जिनमें 'अनहैप्पी इंडिया' प्रमुख है।

आज भी याद किया जाता है उनका बलिदान

लाला लाजपत राय का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। भले ही वह भारत को आजाद होते नहीं देख सके, लेकिन उनका संघर्ष और बलिदान स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा। उनकी पुण्यतिथि पर देश उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।

Location :  New Delhi

Published :  17 November 2026, 9:04 AM IST