
पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के आसार (Img: X)
New Delhi: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्णब का असर कई राज्यों में देखने को मिल सकता है। मौसम में बदलाव के बीच कहीं भारी बारिश तो कहीं गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। उत्तर भारत में भी बादल छाने और हल्की बारिश से तापमान में गिरावट आ सकती है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों के लोगों को मौसम के बदलते मिजाज के लिए तैयार रहना होगा। वहीं, पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
दिल्ली-NCR, हरियाणा और चंडीगढ़ में 28 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। वहीं, पंजाब में 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में 29 से 31 अक्टूबर के बीच बारिश हो सकती है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 31 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच मौसम बदलने के आसार हैं। गोरखपुर और वाराणसी समेत कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना है। बादल छाने, तेज हवाएं चलने और बारिश के कारण लोगों को सुबह और शाम के समय ठंड ज्यादा महसूस हो सकती है।
चक्रवाती तूफान अर्णब से पलटेगा मौसम (Img: X)
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 28 से 30 अक्टूबर के बीच बारिश या बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक और उत्तराखंड में 28 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट आ सकती है। वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 29 और 30 अक्टूबर के दौरान तेज हवाओं और गरज-चमक को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से मौसम बदलने की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 28 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
रीवा और सतना समेत पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में 28 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। छत्तीसगढ़ में भी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका बताई गई है।
चक्रवाती तूफान अर्णब का सबसे ज्यादा प्रभाव तटीय इलाकों और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है। ओडिशा में 27 और 28 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई गई है। वहीं, 29 अक्टूबर को ओडिशा और झारखंड के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी बारिश और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। रांची, गुमला और धनबाद समेत झारखंड के कुछ इलाकों में बादल छाने और मौसम बदलने के आसार हैं।
बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका के बीच लोगों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखनी चाहिए। गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। समुद्र तटीय इलाकों में रहने वाले लोग स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें।
Location : New Delhi
Published : 28 October 2026, 7:54 AM IST