10-20 नहीं, पूरे 132 लोगों की मौत; कोलंबिया में भूकंप के बाद मलबे में जिंदगी की तलाश, सामने आया बड़ा अपडेट

Colombia Earthquake: कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। अब तक 132 लोगों की मौत और 570 लोगों के घायल होने की खबर है। करीब 1,500 इमारतें प्रभावित हुई हैं। मलबे में दबे लोगों को बचाने के लिए स्थानीय लोग और रेस्क्यू टीमें हाथों से अभियान चला रही हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 11 August 2026, 7:53 AM IST

New Delhi:  कोलंबिया में सोमवार सुबह आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी। कई शहरों में इमारतें ढह गईं और लोग मलबे के नीचे दब गए। कोलंबियाई एसोसिएशन ऑफ कैपिटल सिटीज के मुताबिक, अब तक कम से कम 132 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 570 लोग घायल बताए जा रहे हैं। करीब 1,500 इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

भूकंप के बाद कई इलाकों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागे। कई जगहों पर लोग दूसरी मंजिल से तक कूदकर बाहर निकले।

दूसरी मंजिल से कूदे लोग, सड़कों पर मची भगदड़

भूकंप सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे आया। इसका असर कोलंबिया के कॉफी क्षेत्र और प्रशांत तट के कई शहरों में महसूस किया गया। क्विब्दो में रहने वाले लॉ स्टूडेंट विलमर कुएस्ता ने बताया कि झटके इतने तेज थे कि लोग घबराकर घरों से बाहर भागने लगे। कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी।

राष्ट्रपति अबेलार्दो दे ला एस्प्रिएला ने देश में आपातकाल घोषित कर बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू कराया। अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, जबकि कई इलाकों में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।

मलबे में जिंदगी की तलाश, हाथों से शुरू हुआ रेस्क्यू

सबसे भावुक और खौफनाक तस्वीरें काली शहर से सामने आईं। यहां स्थानीय लोग पुलिस और बचावकर्मियों के साथ मिलकर कुदाल, साधारण औजारों और अपने हाथों से मलबा हटाने में जुट गए।

बचाव अभियान के दौरान एक रेस्क्यूकर्मी ने मलबे में फंसे लोगों से सीटी बजाने को कहा। कुछ ही देर बाद मलबे के अंदर से सीटी की आवाज सुनाई दी। इसके बाद बचावकर्मियों ने उम्मीद के साथ रेस्क्यू तेज कर दिया।

लोगों ने इंसानों की कतार बनाकर ईंटें और मलबा बाहर निकाला। हर कुछ मिनट में काम रोककर बचावकर्मी ध्यान से सुनते कि कहीं अंदर से किसी की आवाज तो नहीं आ रही।

बेटे की चाहत में बना बच्चा चोर! कानपुर CHC कांड में SDO ने दिए थे 5 लाख रुपये का लालच

बिजली की तारों से लेकर टूटी इमारतों तक तबाही

कई शहरों में सड़कों पर टूटे मकान, बिखरा फर्नीचर और कपड़ों के बीच तबाही का मंजर दिखाई दिया। बिजली और दूसरी तारें सड़कों पर बिखरी रहीं। काली में रात के समय कर्फ्यू लगाया गया, जबकि कम से कम छह स्थानीय एयरपोर्ट पर काम रोक दिया गया।

भूकंप के झटके पड़ोसी देशों इक्वाडोर और पनामा तक महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के विशेषज्ञों के मुताबिक, भूकंप करीब 110 किलोमीटर की गहराई में आया।

दुनिया ने बढ़ाया मदद का हाथ

कोलंबिया की मदद के लिए कई देश आगे आए हैं। अमेरिका ने आपातकालीन राहत के लिए 15.5 मिलियन डॉलर की सहायता देने का ऐलान किया है। यूरोपीय संघ ने बचाव अभियान में मदद के लिए कॉपरनिकस सैटेलाइट सेवा सक्रिय की है।

इजरायल, मेक्सिको, इक्वाडोर और फ्रांस ने भी कोलंबिया को सहायता देने की पेशकश की है। पॉप स्टार शकीरा ने भी लोगों से एकजुट रहने और एक-दूसरे का साथ देने की अपील की।

फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालना है। हर गुजरते मिनट के साथ उम्मीद और चिंता दोनों बढ़ रही हैं।

Location :  New Delhi

Published :  11 August 2026, 7:53 AM IST