Baby Selling Case: छत्तीसगढ़ में 25 बच्चों के सौदे का खुलासा, डॉक्टर-नर्स समेत 6 गिरफ्तार; कई राज्यों तक फैला नेटवर्क

छत्तीसगढ़ में नवजात शिशुओं की कथित खरीद-बिक्री के मामले ने कई शहरों तक फैले नेटवर्क का खुलासा किया है। रायपुर में डॉक्टर, नर्स और एक अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के बाद कुल गिरफ्तारियां छह हो गई हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को निशाना बनाता था। अब एसआईटी नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर रही है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 21 November 2026, 6:51 AM IST

Raipur: छत्तीसगढ़ में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के कथित मामले में पुलिस ने रायपुर के दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के डॉक्टर समेत तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य आर्थिक रूप से कमजोर और अविवाहित गर्भवती महिलाओं को निशाना बनाते थे। आरोप है कि प्रसव के बाद नवजात के लिंग और जाति के आधार पर उनका सौदा तय किया जाता था।

आजाद चौक थाना पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तार किए गए नए आरोपितों में डॉक्टर खिर सिंधु महानंद, नर्स प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने इसी साल करीब 25 बच्चों का सौदा किया है। जांच में यह भी सामने आया है कि नवजातों की खरीद-बिक्री का नेटवर्क गुजरात से लेकर कर्नाटक तक फैला हुआ था।

डॉक्टर पर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार डॉक्टर खिर सिंधु महानंद दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था। बताया गया है कि वह ये दस्तावेज महिला आरोपित कृतिका साहू को देता था। पुलिस अब इन दस्तावेजों और अस्पताल से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है, ताकि मामले में सामने आए तथ्यों की पड़ताल की जा सके।

Crime: कौशाम्बी में दरिंदगी की हदें पार, मेला देखने गए परिवार के पीछे महिला की सिर कूचकर बेरहमी से हत्या

पूछताछ के दौरान एक आरोपित ने वर्ष 2026 में तीन डिलीवरी होने और 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने की जानकारी दी है। पुलिस इन रिकॉर्ड की जांच कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि जन्म प्रमाण पत्र किन परिस्थितियों में जारी किए गए और उनका कथित खरीद-बिक्री के मामले से क्या संबंध है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने अपने मोबाइल फोन से कुछ डेटा भी डिलीट किया है। इस डेटा से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए मोबाइल से प्राप्त सामग्री फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) भेजी जा रही है। जांच के जरिए डिलीट किए गए डेटा और आरोपितों के बीच संपर्क से जुड़े तथ्यों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को बनाते थे निशाना

पुलिस जांच में गिरोह के काम करने के तरीके को लेकर भी जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य आर्थिक रूप से कमजोर और अविवाहित गर्भवती महिलाओं को निशाना बनाते थे। प्रसव के बाद नवजात शिशु के लिंग और जाति के आधार पर सौदा तय किया जाता था। पुलिस का दावा है कि इस तरीके से आरोपितों ने इसी साल करीब 25 बच्चों की खरीद-बिक्री की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रकरण की जांच के लिए विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन भी किया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से मिली जानकारी और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

आतंकी पन्नू की हत्या की साजिश और सुपारी किलिंग केस में बड़ा फैसला, निखिल गुप्ता को अमेरिका में 19 साल की जेल

गुजरात से कर्नाटक तक फैला था नेटवर्क

पुलिस के अनुसार, नवजात शिशुओं की कथित खरीद-बिक्री के लिए गिरोह ने गुजरात से कर्नाटक तक नेटवर्क बना रखा था। आरोपितों ने अहमदाबाद, नागपुर और बैंगलोर तक बच्चों को बेचा है। इस काम के लिए वाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया था, जिसके जरिए गिरोह के सदस्य संपर्क में रहते थे।

अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस कथित कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा अलग-अलग शहरों तक नवजातों को पहुंचाने में किसकी क्या भूमिका थी। फिलहाल मामले में छह आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है और एसआईटी के गठन के बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया है।

Location :  Raipur

Published :  21 November 2026, 6:51 AM IST