
गिरफ्त में अभियुक्त (Image Source: Dynamite News)
Chatra: झारखंड के चतरा जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जिला पुलिस कप्तान अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र का एक शातिर तस्कर सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से भारी मात्रा में मादक पदार्थों की खेप लेकर पैनीकला गांव के आगे किसी बड़ी डील को अंजाम देने जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए फौरन एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया, जिसने हरदाही-कौलेश्वरी मार्ग पर जाल बिछाया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सन्नी वर्धन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जब पुलिस टीम पैनीकला के आगे मुस्तैद थी, तभी दंतार की तरफ से एक संदिग्ध सफेद स्कॉर्पियो आती दिखी। पुलिस बल ने सूझबूझ से घेराबंदी कर वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर- JH 05 CC 9996) को रोक लिया। गाड़ी की सघन तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए; वाहन के भीतर से कुल 277 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।
मौके से पुलिस ने राजगुरूआ गांव के रहने वाले तस्कर कमलेश कुमार (पिता स्वर्गीय बोधी गंझु) को दबोच लिया। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ-साथ उसकी स्कॉर्पियो और एक स्मार्टफोन भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त मोबाइल को खंगालने पर कई चौंकाने वाले व्हाट्सएप चैट मिले हैं, जिससे इस काले कारोबार से जुड़े पूरे गिरोह का कच्चा चिट्ठा सामने आ रहा है।
#Chatra: नशा तस्करों पर चतरा पुलिस का बड़ा प्रहार! वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र से 60 लाख रुपये के ब्राउन शुगर (277 ग्राम) के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी और मोबाइल जब्त।#ChatraNews #JharkhandPolice #DrugBust #CrimeNews #NDPSAct pic.twitter.com/wLxWxpK3ts
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) June 21, 2026
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि तस्कर इस भारी खेप को छोटे-छोटे हिस्सों (पुड़िया) में बांटकर स्थानीय नशा करने वाले युवाओं तक पहुंचाने या फिर राज्य के बाहर किसी बड़े सिंडिकेट को सप्लाई करने की फिराक में था। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में एसडीपीओ के साथ एनडीपीएस थाना प्रभारी शमी अंसारी, एएसआई छोटन राम और जिला पुलिस के कई जांबाज जवान शामिल थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि इस रैकेट के तार पड़ोसी राज्यों बिहार और ओड़िशा के बड़े सप्लायरों से जुड़े हुए हैं। पुलिस की एक विशेष टीम अब व्हाट्सएप चैट में मिले नंबरों के आधार पर अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए छापेमारी कर रही है।
इस बड़ी जब्ती के बाद चतरा पुलिस ने स्थानीय स्कूल-कॉलेजों के आसपास गश्त तेज करने का फैसला किया है, ताकि युवाओं को इस 'सफेद जहर' की लत से बचाया जा सके और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
Location : Chatra
Published : 21 June 2026, 10:16 AM IST