आज सोमवार को लाल किला और दिल्ली सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खालिस्तानी नाम से भेजे गए ई-मेल के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने सघन तलाशी अभियान चालू कर दिया है। संवेदनशील स्थलों पर निगरानी तेज कर दी गई है और साइबर टीम मेल की उत्पत्ति का पता लगाने में जुटी है।

राजधानी में सुरक्षा अलर्ट (Image Source: Google)
New Delhi: आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में उस समय हड़कंप मच गया जब लाल किला और दिल्ली सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला। मेल में खुद को खालिस्तानी संगठन से जुड़ा बताते हुए दोनों संवेदनशील स्थलों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस हरकत में आ गई और दोनों स्थानों पर तत्काल सुरक्षा बढ़ा दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी को गंभीरता से लेते हुए लाल किला परिसर के अंदर और बाहर एंटी-सैबोटाज जांच शुरू कर दी गई है, साथ ही दिल्ली सचिवालय में भी तलाशी अभियान चलाया गया, जहां बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और फायर सर्विस की टीमें तैनात कर दी गई हैं।
सूचना के बाद आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग कर दी गई और लोगों की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही है। संवेदनशील इमारतों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और ऐतिहासिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि अभी तक तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन जांच पूरी होने तक अलर्ट जारी रहेगा।
राजधानी में पहले भी धमकी भरे मेल मिलने के बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाए जाते रहे हैं। हालांकी, ऐसे मामलों में कई बार ई-मेल फर्जी भी पाए गए हैं, फिर भी सुरक्षा एजेंसियां किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती है।
दिल्ली पुलिस की साइबर टीम धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है। मेल किस सर्वर से भेजा गया, आईपी एड्रेस कहां का है और इसमें किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका है या नहीं, इसकी पड़ताल की जा रही है और हम आपको यह भी बता दें कि हाल के महीनों में दिल्ली में कई संस्थानों को धमकी भरे ई-मेल मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया था।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि धमकी वास्तविक थी या किसी ने शरारत के तौर पर भेजी थी, लेकिन फिलहाल सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।