Bhopal ISBT Fire: भोपाल में बड़ा अग्निकांड, ISBT परिसर में धू-धूकर जलीं 7 बसें

भोपाल के आईएसबीटी बस स्टैंड में खड़ी एक निजी ट्रेवल्स की बसों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते लगभग 6 से 7 बसें आग की चपेट में आ गईं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 25 October 2026, 10:50 PM IST

Bhopal: राजधानी के गोविंदपुरा स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनस (आईएसबीटी) परिसर में रविवार शाम को निजी ट्रेवल्स की लगभग 7 बसों में भीषण आग लग गई, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

जानकारी के अनुसार इस भीषण अग्निकांड की चपेट में लगभग 6 से 7 बसें आ गईं। बसों में लगी आग की ऊंची उठती लपटें और धुएं का गुबार देखकर यात्रियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों की भारी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। पुलिस-प्रशासन की टीम ने आसपास का पूरा इलाका तुरंत खाली कराया और सुरक्षा घेरा बना दिया ताकि कोई अनहोनी न हो।

प्रत्यक्षदर्शियों का बयान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम करीब सात बजे अचानक एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। देखते ही देखते एक बस में लगी आग ने पास खड़ी अन्य बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया। बस मालिक ने शुरुआती आशंका में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह बताया है।

बस टर्मिनस में आग का कहर

फिलहाल आग किन कारणों से लगी, इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। संतोष की बात यह है कि अब तक इस पूरे हादसे में किसी भी तरह की जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है।

Video: Jamia Millia Islamia में छात्रों की भूख हड़ताल 14वें दिन भी जारी, तैनात किए गए भारी संख्या में पुलिस बल

मामले में पुलिस का बयान

मामले में गोविंदपुरा एसीपी अदिति भावसार ने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस यह जांच कर रही है कि आग लगी, लगाई गई या किसी साजिश के तहत लगवाई गई है। आईएसबीटी परिसर में लगे आधा दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसके बाद ही आग लगने की असली वजह साफ हो सकेगी।

IND vs ZIM: भारतीय महिला क्रिकेट में दीप्ति शर्मा का कमाल, छठे नंबर पर शतक लगाने वाली पहली खिलाड़ी

व्यवस्था पर उठे सवाल

वहीं इस घटना के बाद व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि बस स्टैंड परिसर में आग बुझाने के कोई साधन मौजूद नहीं हैं. स्थानीय निवासियों के अनुसार, परिसर में पानी की पाइपलाइन तक उपलब्ध नहीं है, जिससे आपात स्थिति में परेशानी का सामना करना पड़ा.

Location :  Bhopal

Published :  25 October 2026, 10:43 PM IST