झारखंड पेपर लीक और लाठीचार्ज के विरोध में बलरामपुर में ABVP का उग्र प्रदर्शन; फूंका हेमंत सोरेन का पुतला

झारखंड में छात्र दमन के विरोध में बलरामपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने तुलसीपुर रोड पर हेमंत सोरेन का पुतला फूंककर उग्र प्रदर्शन किया। छात्रों ने पेपर लीक के खिलाफ आवाज उठाने पर हुए लाठीचार्ज को अलोकतांत्रिक बताते हुए सीबीआई जांच की मांग की है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 13 August 2026, 6:13 PM IST
Balrampur:  झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और छात्र आंदोलन पर हुए लाठीचार्ज की गूंज अब उत्तर प्रदेश के बलरामपुर तक पहुंच गई है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने इस घटना के विरोध में स्थानीय तुलसीपुर रोड पर स्थित एम एल के पीजी कॉलेज के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया।

हेमंत सोरेन का पुतला दहन

आक्रोशित छात्रों ने झारखंड की सोरेन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। छात्र नेताओं का कहना है कि अपनी जायज मांगों और भविष्य की सुरक्षा के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठा रहे युवाओं पर पुलिसिया बल प्रयोग करना पूरी तरह से अलोकतांत्रिक है। अभाविप के छात्र प्रतिनिधियों ने झारखंड सरकार के इस रवैये को युवा विरोधी और दमनकारी करार दिया है।

भ्रष्टाचार पर लगाम नही लगा पाई सरकार

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि परीक्षा प्रणालियों में धांधली और बार-बार होने वाले पेपर लीक से लाखों होनहार छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है। भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में नाकाम रही सरकार अब अपनी कमियों को छुपाने के लिए लाठियों का सहारा ले रही है, जिसे छात्र शक्ति कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
संगठन ने इस पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए लीक हुए सभी प्रश्नपत्रों की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने, लाठीचार्ज के दोषी प्रशासनिक अधिकारियों को तुरंत सेवा से बर्खास्त करने और घायल छात्रों के समुचित इलाज का खर्च उठाने की मांग उठाई है।

वैचारिक लड़ाई जारी रहेगी

सड़क पर उतरे कार्यकर्ताओं के तीखे तेवरों के कारण कॉलेज रोड पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। इस दौरान जिला संयोजक रोहन और बलरामपुर तहसील संयोजक विशाल पटेल ने संयुक्त रूप से कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक यह वैचारिक लड़ाई जारी रहेगी। इस विरोध प्रदर्शन में मथुरा बाजार के नगर मंत्री विवेक, रेहरा बाजार के नगर मंत्री आदेश गौड़, शोएब, आशीष, अंश और अम्बुज भार्गव सहित बड़ी संख्या में कॉलेज के छात्र और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Balrampur

Published :  13 August 2026, 6:11 PM IST