
कुदरत के आगे बेबस असम (Img- X)
Guwahati: पूर्वोत्तर का खूबसूरत राज्य असम इस समय सदी की सबसे भीषण प्राकृतिक आपदाओं में से एक का सामना कर रहा है। आसमान से बरसती आफत और नदियों के विकराल रूप ने लाखों जिंदगियों को एक पल में बेघर कर दिया है।
राज्य के 25 जिलों में बाढ़ का पानी घुस चुका है, जिससे 7.27 लाख से ज्यादा लोग सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक 41 बेकसूर लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जिनमें से 10 मौतें केवल बीते बुधवार को दर्ज की गईं।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के अनुसार, बाढ़ के तेज बहाव में 100 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। जैसे-जैसे दूरदराज के इलाकों में बचाव दल पहुंच रहे हैं, स्थिति और भयावह होती जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
प्रभावित इलाकों से बेघर हुए लगभग 18,000 लोगों को सरकार द्वारा बनाए गए 469 राहत शिविरों में शरण दी गई है, जहां उन्हें भोजन, साफ पानी और दवाइयां मुहैया कराई जा रही हैं।
मानसून का दिखा रौद्र रूप, दिल्ली को मिली राहत तो उत्तराखंड-मध्य प्रदेश में भारी तबाही का खतरा
संकट की इस घड़ी में भारतीय सेना, वायु सेना (IAF), NDRF और SDRF के जवान ढाल बनकर खड़े हैं। सेना ने 'ऑपरेशन जल राहत' चलाकर अब तक 700 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला है।
वहीं दुर्गम और पूरी तरह से कटे हुए इलाकों में वायु सेना के हेलीकॉप्टर राशन पहुंचा रहे हैं। नज़ीरा जैसे इलाकों में तीन विशेष हवाई फेरों के जरिए 627 किलोग्राम राहत सामग्री गिराई गई। इसके अलावा, जिन जगहों पर नावें नहीं पहुंच पा रही हैं, वहां नुकसान का सही आकलन करने के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया जा रहा है।
इस जल प्रलय ने राज्य के परिवहन तंत्र की कमर तोड़ दी है। कई जिलों का सड़क संपर्क मुख्य मार्गों से टूट गया है। पटरियों पर पानी भरने और कटान के कारण 30 से अधिक ट्रेनों को रद्द या उनके समय में बदलाव करना पड़ा है।
केंद्रीय जल आयोग (CWC) के मुताबिक, ब्रह्मपुत्र, बुढ़ीदिहिंग और धनसिरी समेत कई प्रमुख नदियाँ खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि ऊपरी असम में अभी और भारी बारिश हो सकती है, जिससे स्थिति और बिगड़ने की आशंका है।
Location : Guwahati
Published : 23 July 2026, 8:10 AM IST
Topics : Assam Floods Assam News Indian Army