
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम के वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़
Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में आज सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में एकादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिसके बीच अचानक भगदड़ मच गई। इस दुखद हादसे में अब तक 10 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह से ही वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ था। एकादशी होने की वजह से बड़ी संख्या में लोग पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। भीड़ इतनी बढ़ गई कि मंदिर परिसर में लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई। इसी दौरान अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई और देखते ही देखते भगदड़ मच गई। कई लोग जमीन पर गिर गए और पीछे से आ रही भीड़ उनके ऊपर से गुजरती चली गई। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने 9 श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि कई अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।
राज्य के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं।” उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों को सर्वोत्तम इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
శ్రీకాకుళం జిల్లాలోని కాశీబుగ్గ వెంకటేశ్వర ఆలయంలో తొక్కిసలాట ఘటన కలచివేసింది. ఈ దురదృష్టకర ఘటనలో భక్తులు మరణించడం అత్యంత విషాదకరం. మృతుల కుటుంబాలకు ప్రగాఢ సానుభూతిని తెలియజేస్తున్నాను. గాయాల పాలైన వారికి మేలైన సత్వర చికిత్స అందించాలని అధికారులను ఆదేశించాను. ఘటనా స్థలానికి వెళ్లి…
— N Chandrababu Naidu (@ncbn) November 1, 2025
जिला प्रशासन ने पूरे मंदिर परिसर को खाली करवा लिया है और हालात पर नजर रखी जा रही है। घटना के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही, प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
Location : Andhra Pradesh
Published : 1 November 2025, 12:38 PM IST