
प्रतीकात्मक छवि(फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Amaravati: आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी। कर्नाटक-आंध्र प्रदेश सीमा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 167 पर हुए इस भीषण दुर्घटना में 8 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कम से कम 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा येम्मिगनूर उपमंडल क्षेत्र में धर्मपुथेर टोल प्लाजा से करीब 8-9 किलोमीटर दूर हुआ।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं से भरी एक लॉरी मंत्रालयम स्थित श्री राघवेंद्र स्वामी मठ के दर्शन के लिए जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे फ्लाई-ऐश टैंकर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और आठ लोगों की मौके पर ही जान चली गई।
इस दर्दनाक हादसे में जिन लोगों की जान गई, उनमें पांच महिलाएं, एक तीन साल की बच्ची और दो पुरुष शामिल हैं। वाहन में कुल 21 लोग सवार थे, जो सभी तीर्थयात्रा के लिए निकले थे। मृतकों की पहचान कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले के तारिके तालुक के उदयि गांव के निवासियों के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए येम्मिगनूर के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी श्रद्धालुओं ने मंत्रालयम की यात्रा के लिए यह वाहन किराए पर लिया था। यात्रा के दौरान ही यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिससे परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
आंध्र प्रदेश के मंत्री और स्थानीय विधायक टी.जी. भरत गुप्ता ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे अत्यंत दुखद बताते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त की हैं।
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही का परिणाम माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही सटीक कारण सामने आ पाएंगे।
Location : Amaravati
Published : 16 April 2026, 9:16 AM IST