बाहुबली आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, एक महीने के भीतर करना होगा सरेंडर

जी. कृष्णैया हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द कर दी है। अदालत ने उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 26 November 2026, 11:47 AM IST
नई दिल्ली: बिहार के पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को रद्द कर दिया है। शीर्ष अदालत ने उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही बिहार सरकार द्वारा वर्ष 2023 में आनंद मोहन को सजा में दी गई छूट के फैसले को भी खारिज कर दिया गया है।

बिहार सरकार के फैसले को सुप्रीम कोर्ट ने किया रद्द

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के उस फैसले को रद्द कर दिया है, जिसके तहत आनंद मोहन को समयपूर्व जेल से रिहा किया गया था। अदालत के इस आदेश के बाद आनंद मोहन को निर्धारित समयसीमा के भीतर आत्मसमर्पण करना होगा।

जेल मैनुअल में किया गया संशोधन भी रद्द

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार जेल मैनुअल 2012 के नियम 481(1)(a) में अप्रैल 2023 में किए गए संशोधन को भी रद्द कर दिया है। इस संशोधन के जरिए ड्यूटी पर तैनात लोक सेवक की हत्या के दोषियों को समयपूर्व रिहाई के लिए पात्र बनाया गया था। इसी बदलाव के बाद आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता साफ हुआ था।

क्या है जी. कृष्णैया हत्याकांड?

यह मामला वर्ष 1994 का है, जब गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराया गया था। लंबे समय तक जेल में रहने के बाद बिहार सरकार के फैसले के तहत उन्हें वर्ष 2023 में समयपूर्व रिहाई मिली थी।

तीन साल बाद फिर बढ़ीं आनंद मोहन की मुश्किलें

वर्ष 2023 में आनंद मोहन की रिहाई को लेकर राजनीतिक और कानूनी विवाद खड़ा हुआ था। अब सुप्रीम कोर्ट ने समयपूर्व रिहाई के फैसले के साथ जेल मैनुअल में किए गए संबंधित संशोधन को भी रद्द कर दिया है। शीर्ष अदालत के आदेश के बाद आनंद मोहन को दोबारा जेल जाना होगा।

Location :  New Delhi

Published :  26 November 2026, 11:35 AM IST