Alwar: चलती कार बनी आग का गोला, एक्सप्रेस-वे पर ऐसा क्या हुआ कि 5 ज़िंदगियां पलभर में हो गईं राख

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुआ एक ऐसा हादसा, जिसने खुशियों से लौट रहे परिवार को पलभर में खत्म कर दिया। आखिर चलती कार में अचानक आग कैसे भड़की? क्यों नहीं बच पाए अंदर बैठे लोग? और क्या था उस रात का सबसे भयावह पल?

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 30 April 2026, 8:19 AM IST

Alwar: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बीती रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। राजस्थान के अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के मौजपुर के पास एक चलती कार अचानक आग के गोले में तब्दील हो गई।

इस भयावह हादसे में कार सवार पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचा ली।

मध्य प्रदेश के रहने वाले थे मृतक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के निवासी थे और जम्मू-कश्मीर स्थित माता वैष्णो देवी के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। खुशियों से भरा यह सफर अचानक मातम में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।

Bulandshahr Encounter: खुर्जा ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी एनकाउंटर में ढेर, साथी फरार

आग इतनी भीषण थी कि अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया।

चालक ने ऐसे बचाई जान

हादसे के समय कार तेज रफ्तार में थी। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई, लेकिन वह अन्य यात्रियों को बचाने में असफल रहा। उसकी आंखों के सामने ही उसके साथी आग की लपटों में घिर गए।

घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। शव पूरी तरह झुलस चुके थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। पुलिस मृतकों की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है और परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया जारी है।

Palghar Double Murder: मां-बेटी की लाशें और खून से लथपथ कातिल; पालघर पुलिस भी मंजर देख रह गई दंग

यातायात रहा प्रभावित

हादसे के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात भी प्रभावित रहा। फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तकनीकी टीम भी इस हादसे के पीछे की वजह जानने में जुटी है।

Location :  Alwar

Published :  30 April 2026, 8:19 AM IST