
पुलिस ने अभिजीत दिपके को हिरासत में लिया (Img: Dynamite News)
New Delhi: दिल्ली में अभिजीत दिपके को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक, वह सेंट्रल पार्क की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोककर प्रिवेंटिव कस्टडी में ले लिया। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद उनके समर्थकों ने नारेबाजी की। यह कार्रवाई उस समय हुई, जब वह कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क की ओर जा रहे थे। दिपके ने CJP के दो सदस्यों सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के बाद यहां प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। पुलिस ने उन्हें एहतियातन हिरासत में लिया है।
इस घटनाक्रम के बीच कनॉट प्लेस और सेंट्रल दिल्ली के कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई। प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही तैयारी कर रखी थी।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को अभिजीत दिपके के घर जाकर उन्हें दो नोटिस दिए थे। पहला नोटिस नई दिल्ली पुलिस की ओर से दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत दिया गया। इसमें उन्हें सेंट्रल पार्क नहीं जाने को कहा गया था। यहां भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू होने की बात बताई गई थी।
दूसरा नोटिस दक्षिण-पश्चिम दिल्ली पुलिस की ओर से दिया गया। इसमें दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को पहले एहतियातन हिरासत में लिए जाने और अदालत में पेश किए जाने से जुड़ी जानकारी का उल्लेख था। पुलिस के नोटिस के बावजूद दिपके सेंट्रल पार्क जाने निकले, जहां उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस, राजीव चौक और आसपास के प्रमुख इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सेंट्रल दिल्ली में 6,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 220 कंपनियों को भी तैयार रखा गया।
सेंट्रल पार्क के अंदर सात स्तरों की सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके अलावा राजीव चौक और पार्क के आसपास 10 से अधिक नए CCTV कैमरे लगाए गए। दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को बुलाया गया।
पुलिस ने कनॉट प्लेस, पटेल चौक, ITO और संसद मार्ग सहित कई जगह बैरिकेड लगाए। वहीं, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने प्रदर्शन को देखते हुए सेंट्रल पार्क को शुक्रवार और शनिवार के लिए बंद कर दिया। इससे कनॉट प्लेस आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी हो सकती है। सुरक्षा व्यवस्था के चलते प्रमुख स्थानों पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ाई गई।
पुलिस की ओर से यह भी कहा गया कि अगर प्रदर्शनकारी चाहें, तो किसी दूसरी जगह तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय की जानकारी सामने आना बाकी है।
Location : New Delhi
Published : 16 October 2026, 4:59 PM IST