Abdul El-Sayed: अमेरिका में अब्दुल अल-सैयद की जीत के बाद चर्चा में कर्नाटक का भटकल, जानिए क्या है खास कनेक्शन

अमेरिकी सीनेट चुनाव जीतने वाले अब्दुल अल-सैयद की पत्नी डॉ. सारा जुकाकू का परिवार कर्नाटक के भटकल से जुड़ा है। जानिए कौन हैं सारा, क्या है उनके दादा जे.एच. शम्सुद्दीन का राजनीतिक इतिहास और कैसे हुई थी दोनों की मुलाकात।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 November 2026, 12:30 PM IST

Bengaluru: अमेरिका के मिशिगन में डेमोक्रेट अब्दुल अल-सैयद ने 3 नवंबर 2026 को हुए मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स को हराकर इतिहास रच दिया। वह अमेरिकी सीनेट के लिए चुने जाने वाले पहले मुस्लिम अमेरिकी बन गए हैं। उनकी जीत के बाद भारत के कर्नाटक स्थित भटकल शहर का नाम भी चर्चा में है। इसकी वजह है उनकी पत्नी डॉ. सारा जुकाकू, जिनके परिवार की जड़ें इसी तटीय शहर से जुड़ी हैं।

कौन हैं डॉ. सारा जुकाकू?

डॉ. सारा जुकाकू पेशे से मनोचिकित्सक हैं। उनका जन्म और पालन-पोषण अमेरिका के मिशिगन में हुआ, लेकिन उनका परिवार मूल रूप से कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के भटकल का रहने वाला है। यह शहर मंगलुरु से करीब 140 किलोमीटर दूर है। सारा का परिवार नवायत मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखता है। इस समुदाय का दक्षिण भारत के तटीय इलाकों से पुराना जुड़ाव रहा है।

दादा थे मैसूर सरकार में उपमंत्री

सारा के दादा जे.एच. शम्सुद्दीन जुकाकू भटकल के जाने-माने वकील और राजनेता थे। उन्होंने तत्कालीन मैसूर राज्य की सरकार में मुख्यमंत्री बी.डी. जत्ती के कार्यकाल के दौरान वित्त विभाग के उपमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। उन्हें भटकल क्षेत्र के शुरुआती वकीलों में गिना जाता है। स्थानीय विकास, सड़क, बिजली और शिक्षा से जुड़े कार्यों में उनके योगदान को आज भी याद किया जाता है। उनके निधन के बाद परिवार के सदस्य अलग-अलग जगहों पर बस गए।

अमेरिका से भारत को मिला AI का बड़ा हथियार! साइबर हमलों से निपटेगा Claude Mythos, CERT-In करेगी इस्तेमाल

पिता डॉक्टर, विदेश में बसने के बाद भी भारत से जुड़ाव

डॉ. सारा के पिता डॉ. तैयब जुकाकू ने बेंगलुरु के मेडिकल कॉलेज से चिकित्सा की पढ़ाई की थी। इसके बाद वह मध्य पूर्व गए और फिर अमेरिका के मिशिगन में बस गए। वहां उन्होंने नेफ्रोलॉजिस्ट यानी गुर्दा रोग विशेषज्ञ के रूप में काम किया। विदेश में रहने के बावजूद परिवार ने भटकल और बेंगलुरु से अपना रिश्ता बनाए रखा। सारा के पिता ने भी बच्चों को उनकी पारिवारिक जड़ों और भारतीय विरासत से जोड़े रखने की कोशिश की।

Abdul El-Sayed (Img- X)

यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन में हुई थी मुलाकात

अब्दुल अल-सैयद और सारा की मुलाकात यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों मुस्लिम स्टूडेंट्स एसोसिएशन से जुड़े थे। मई 2006 में दोनों ने शादी कर ली। इस दंपती की दो बेटियां हैं, जिनके नाम एमाली और सेरीन हैं। सारा ने यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन से पढ़ाई के बाद ऑक्सफोर्ड में मास्टर डिग्री हासिल की और 2015 में कोलंबिया यूनिवर्सिटी से मेडिकल की डिग्री पूरी की। इसके बाद उन्होंने मनोचिकित्सा के क्षेत्र में अपना करियर बनाया।

US Midterm Elections: अमेरिका में किस पार्टी का होगा दबदबा, रिपब्लिकन-डेमोक्रेट्स की धड़कनें तेज

भारतीय परिवार से जुड़ाव पर क्या बोले अल-सैयद?

अब्दुल अल-सैयद ने एक बातचीत में अपने भारतीय पारिवारिक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा था कि उनकी शादी को दक्षिण भारतीय परिवार में करीब 20 साल हो चुके हैं और अब वह वहां की संस्कृति में पूरी तरह घुल-मिल गए हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि शायद वह अरब से ज्यादा भारतीय हो गए हैं। अब उनकी चुनावी जीत के बाद कर्नाटक के भटकल में बसे जुकाकू परिवार का ऐतिहासिक और राजनीतिक जुड़ाव भी सुर्खियों में है।

Location :  Bengaluru

Published :  5 November 2026, 12:30 PM IST