Mumbai Rain Alert: मुंबई, ठाणे और पालघर में भारी बारिश का RED ALERT, दोपहर में आएगा 4.26 मीटर ऊंचा हाई टाइड

मुंबई, ठाणे और पालघर में भारी बारिश का रेड अलर्ट! IMD ने 60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और दोपहर में 4.26 मीटर ऊंचे हाई टाइड की चेतावनी दी है। कई जगहों पर पेड़ गिरने और शॉर्ट सर्किट की घटनाएं। ताजा वेदर अपडेट यहां देखें।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 July 2026, 1:54 PM IST

Mumbai: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में मानसून ने विकराल रूप धारण कर लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई समेत उसके पड़ोसी जिलों- ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी किया है।

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में कुछ स्थानों पर अत्यंत तीव्र बारिश की चेतावनी देते हुए स्थानीय नागरिकों से बिना वजह घर से बाहर न निकलने और पूरी एहतियात बरतने की अपील की है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बने मजबूत मानसूनी सिस्टम के कारण मायानगरी में लगातार बादल बरस रहे हैं।

60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी तूफानी हवाएं

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मुंबई शहर और इसके तमाम उपनगरों में दिन के समय मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान कुछ विशिष्ट इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा (Extremely Heavy Rainfall) होने की प्रबल आशंका जताई गई है। इसके साथ ही, प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है कि तटीय क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम के इस रुख को देखते हुए मछुआरों को भी समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।

मुंबई में मासूम की मौत पर भड़की सियासत! विधानसभा में गूंजा चेंबूर हादसा, विपक्ष ने BMC को कटघरे में घेरा

कोलाबा और सांताक्रूज में रिकॉर्ड तोड़ बारिश, पिछले साल से ज्यादा बरसे बादल

अगर पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें, तो शनिवार सुबह 8 बजे तक मुंबई में रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है। सांताक्रूज वेधशाला में 109.6 मिमी और कोलाबा में 90.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। इस मानसून सीजन में (3 जुलाई तक) सांताक्रूज में कुल 928.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जो इसके सालाना औसत का लगभग 40.06% है। वहीं कोलाबा में यह आंकड़ा 870.9 मिमी (41.57%) तक पहुंच गया है। खास बात यह है कि इस साल की बारिश 2025 की इसी अवधि की तुलना में काफी अधिक है। पूरे मुंबई में औसतन 98.80 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिसमें पश्चिमी उपनगर के खार में सबसे ज्यादा 150.6 मिमी और बांद्रा में 146 मिमी पानी बरसा है।

लोकल ट्रेनें और ट्रैफिक सामान्य, लेकिन हादसों ने बढ़ाई चिंता

राहत की बात यह है कि शनिवार सुबह तक शहर या उपनगरों के मुख्य रास्तों से जलभराव (Waterlogging) की कोई सक्रिय शिकायत नहीं मिली है। बीएमसी (BMC) के मुताबिक, सेंट्रल और वेस्टर्न दोनों रेलवे लाइनों पर लोकल ट्रेनें समय से चल रही हैं और सड़कों पर भी यातायात सामान्य है। हालांकि, तेज हवाओं के कारण नुकसान की खबरें आई हैं। शहर में पेड़ और डालियां गिरने के 91 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 50 घटनाएं पश्चिमी उपनगर से हैं। इसके अलावा, शॉर्ट सर्किट की 30 घटनाएं और मकान या दीवार आंशिक रूप से गिरने की 19 रिपोर्ट सामने आई हैं, जहां आपातकालीन टीमें राहत कार्य में जुटी हैं।

700 करोड़ का ‘सट्टा’ और मुंबई का ‘सीक्रेट कोड’, यूपी के युवाओं को ऐसे ठगा जा रहा था

समुद्र में 4.26 मीटर ऊंची लहरों का अलर्ट और झीलों का जलस्तर

प्रशासन ने शनिवार दोपहर 2:50 बजे समुद्र में 4.26 मीटर ऊंची लहरें उठने (High Tide) का अनुमान जताया है, जो तटीय इलाकों के लिए संवेदनशील समय होगा। इसके बाद रात 8:56 बजे लो टाइड आएगा। रविवार को भी दोपहर में 4.19 मीटर हाई टाइड की चेतावनी दी गई है। वहीं, मुंबई को पानी सप्लाई करने वाली सात प्रमुख झीलों में 4 जुलाई की सुबह तक कुल जल भंडार 1,36,137 मिलियन लीटर दर्ज किया गया है। यह स्टॉक साल 2024 की तुलना में तो बेहतर है, लेकिन साल 2025 की इसी अवधि (7,34,562 मिलियन लीटर) के मुकाबले काफी कम है।

Location :  Mumbai

Published :  4 July 2026, 1:54 PM IST