Mumbai News: दहिसर की खूनी खदान का खौफनाक सच! स्विमिंग या मौत का बुलावा? 2 छात्रों की डूबने से थम गईं सांसें

मुंबई के दहिसर में पानी से भरी खदान में स्विमिंग करने गए दो कॉलेज छात्रों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस को शक है कि हादसे से पहले शराब पी गई थी। प्रशासन की चेतावनी को नजरअंदाज करना दोनों को बेहद भारी पड़ गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 July 2026, 3:57 PM IST

Mumbai: मुंबई के दहिसर ईस्ट स्थित केतकीपाड़ा इलाके से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने हर माता-पिता को सोचने पर मजबूर कर दिया है। यहाँ एक पानी से भरी गहरी खदान (Quarry) में मौज-मस्ती और स्विमिंग करने गए दो कॉलेज छात्रों की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।

इस खौफनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। हंसते-खेलते घर से निकले दो चिराग हमेशा के लिए बुझ गए हैं।

मौत के उस मुहाने पर जाने का दो दिन पहले ही बना था 'डेथ प्लान'

दहिसर पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस जानलेवा हादसे का शिकार हुए दोनों छात्रों की उम्र महज 19 वर्ष थी। मृतकों की पहचान पीयूष गुप्ता (निवासी- कांदिवली) और ओम अंकुश सिंह (निवासी- अंधेरी) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि इन दोनों के साथ अमन गिरी और दिवेश पटेल नाम के दो अन्य दोस्त भी खदान पर गए थे। चारों दोस्तों ने दो दिन पहले ही यहाँ आकर स्विमिंग करने का पूरा प्लान तैयार किया था। इनमें से एक दोस्त पहले भी यहाँ आ चुका था और उसी की अगुवाई में बाकी तीन दोस्त मौत के इस मुहाने तक पहुँचे थे।

ये भी पढ़ें:  शर्मनाक! मुंबई के नालासोपारा स्टेशन पर यात्रियों की सेहत से खिलवाड़, गंदे पानी से चाय की केतली धोता दिखा वेंडर

प्रशासन के 'डेंजर ज़ोन' के बोर्ड को ठेंगा दिखाना पड़ा भारी

केतकीपाड़ा की यह खदान बेहद खतरनाक मानी जाती है। प्रशासन और स्थानीय पुलिस द्वारा इस जगह को डेंजर ज़ोन घोषित किया गया है और लोगों से यहाँ न आने की बार-बार सख्त चेतावनी दी जाती रही है।

खदान के चारों तरफ सुरक्षा के निर्देश भी हैं, लेकिन इसके बावजूद युवा अपनी जान जोखिम में डालकर अलग-अलग गुप्त रास्तों से चोरी-छिपे यहाँ पहुँच जाते हैं। पीयूष और ओम ने भी प्रशासन की इसी चेतावनी को हल्के में लिया और अपनी जिंदगी से हाथ धो बैठे।

क्या शराब के सुरूर ने गहरे पानी में ढकेला?

इस पूरे मामले में एक बेहद चौंकाने वाला और चिंताजनक पहलू सामने आ रहा है। शुरुआती परिस्थितियों और घटनाक्रम को देखते हुए पुलिस को गहरा शक है कि खदान के किनारे बैठकर इन युवकों ने पहले शराब का सेवन किया था।

पुलिस के अनुसार, अंदेशा है कि शराब के नशे के कारण वे पानी की गहराई और संतुलन का अंदाजा नहीं लगा पाए और सीधे मौत के जाल में फंस गए। हालांकि, पुलिस का कहना है कि यह अभी केवल प्राथमिक आशंका है, असली सच्चाई मेडिकल रिपोर्ट और आधिकारिक जांच के बाद ही साफ हो पाएगी।

ये भी पढ़ें: विदेश से दवाएं मंगाने का तरीका बदला, नवी मुंबई एयरपोर्ट को मिली मंजूरी, जानिए क्या होगा असर

दोस्तों से कड़ी पूछताछ जारी

घटना की चीख-पुकार सुनते ही दहिसर पुलिस बिना वक्त गंवाए फौरन मौके पर पहुँची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों छात्रों के शवों को पानी से बाहर निकाला गया और तुरंत पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस ने मौके पर सुरक्षित बचे दोनों दोस्तों अमन और दिवेश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि हादसे के वक्त वहाँ वास्तव में क्या हुआ था, उस पूरी कड़ियों को जोड़ा जा सके।

Location :  Mumbai

Published :  11 July 2026, 3:57 PM IST