
प्रतीकात्मक छवि (Source Internet)
मुंबई: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 लाख रुपये की रिश्वतखोरी के मामले में CGST के एडिशनल कमिश्नर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक IRS अधिकारी और एक GST सुपरिटेंडेंट भी शामिल हैं।
CBI के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान CGST के एडिशनल कमिश्नर विनय कुमार कंथेती, GST सुपरिटेंडेंट राकेश कुमार सिन्हा और उनके सहयोगी नरिंदर राजपूत के रूप में हुई है। तीनों को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया।
जांच एजेंसी ने बताया कि इस मामले में 26 अगस्त को केस दर्ज किया गया था। आरोप है कि GST-रॉयल्टी से जुड़े एक मामले को निपटाने के लिए शिकायतकर्ता की पत्थर खदान वाली फर्म से 1.50 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
बाद में बातचीत के बाद रिश्वत की रकम घटाकर 40 लाख रुपये कर दी गई।
CBI ने कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और आरोपी नरिंदर राजपूत को 40 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी के अनुसार, बाद में दोनों अधिकारियों ने रिश्वत की रकम स्वीकार किए जाने की बात भी मानी।
CBI अब मामले में आगे की जांच कर रही है और रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
Location : Maharashtra
Published : 29 August 2026, 9:05 AM IST
Topics : CBI Raid CGST Officer Arrest GST Superintendent Rakesh Kumar Sinha Maharashtra Raigad Bribery Case Vinay Kumar Kantheti Arrest