
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
New Delhi: अगर आप पूरे साल काम के बीच ब्रेक लेने का सही मौका ढूंढते रहते हैं, तो 2026 आपके लिए शानदार रहने वाला है। इस साल कई ऐसे लॉन्ग वीकेंड आ रहे हैं, जो आपको बिना ज्यादा छुट्टी लिए घूमने-फिरने का मौका देंगे।
अप्रैल की शुरुआत में गुड फ्राइडे के मौके पर लंबा वीकेंड जरूर आया, लेकिन जो लोग इस दौरान प्लान नहीं बना पाए, उनके लिए आगे भी कई मौके हैं।
अप्रैल में 3 से 5 तारीख तक तीन दिन का वीकेंड मिला। इसके बाद 11 से 14 अप्रैल के बीच अंबेडकर जयंती और बैसाखी के कारण चार दिन की छुट्टी का प्लान आसानी से बनाया जा सकता है। मई महीने में भी 1 मई को मजदूर दिवस और बुद्ध पूर्णिमा के चलते 1 से 3 मई तक फिर से तीन दिन का लंबा वीकेंड मिलेगा। यह समय छोटे ट्रिप के लिए एकदम सही माना जा रहा है।
जून के अंत में मोहर्रम की वजह से 26 से 28 जून तक तीन दिन का ब्रेक मिल सकता है। वहीं जुलाई में रथ यात्रा के आसपास एक दिन की छुट्टी लेकर 16 से 19 जुलाई तक चार दिन का लंबा वीकेंड बनाया जा सकता है। यह समय पहाड़ों या हिल स्टेशनों पर जाने के लिए बेहतरीन माना जाता है।
अगस्त में 15 से 17 अगस्त के बीच स्वतंत्रता दिवस और पारसी नव वर्ष के कारण तीन दिन का लॉन्ग वीकेंड बनेगा। यह समय परिवार या दोस्तों के साथ ट्रिप प्लान करने के लिए आदर्श है।
सितंबर में जन्माष्टमी के मौके पर 4 से 6 सितंबर तक तीन दिन की छुट्टी मिलेगी। अक्टूबर में 2 से 4 अक्टूबर तक गांधी जयंती के कारण बिना अतिरिक्त छुट्टी लिए तीन दिन का ब्रेक मिलेगा। वहीं दशहरे के दौरान 17 से 20 अक्टूबर तक चार दिन की छुट्टी लेकर बड़ा ट्रिप प्लान किया जा सकता है।
नवंबर में दिवाली के आसपास 7 से 9 नवंबर तक लॉन्ग वीकेंड बनाया जा सकता है, अगर एक दिन की छुट्टी ली जाए। दिसंबर में 25 से 27 तारीख तक क्रिसमस के चलते तीन दिन का वीकेंड मिलेगा। इसके अलावा साल के अंत में 31 दिसंबर और 1 जनवरी के आसपास भी लंबा ब्रेक लेकर न्यू ईयर सेलिब्रेशन किया जा सकता है।
इस साल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि कई छुट्टियां शुक्रवार या सोमवार को पड़ रही हैं, जिससे बिना ज्यादा लीव लिए लंबा वीकेंड बन रहा है। अगर सही प्लानिंग की जाए, तो आप पूरे साल कई छोटे-बड़े ट्रिप का मजा ले सकते हैं।
Location : New Delhi
Published : 5 April 2026, 9:14 AM IST