
ई-वीजा नियमों में बड़ा बदलाव (सोर्स- Pinterest)
New Delhi: भारत यात्रा पर आने वाले विदेशी पर्यटकों के लिए गृह मंत्रालय ने नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब ई-वीजा धारक विदेशी नागरिक अटारी बॉर्डर के रास्ते भी देश में प्रवेश कर सकेंगे। सरकार के इस कदम से पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
विदेशी यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने ई-वीजा के लिए अधिकृत प्रवेश बिंदुओं की संख्या में इजाफा किया है। इस नए विस्तार के अंतर्गत 2 नए हवाई अड्डों और 9 लैंड पोर्ट्स को मान्यता दी गई है, जिसमें अटारी बॉर्डर का नाम भी शामिल है। इसके साथ ही देश भर में ऐसे मान्यता प्राप्त कुल प्रवेश बिंदुओं की संख्या बढ़कर 88 हो गई है।
हालांकि यह सुविधा दुनिया के 174 देशों के नागरिकों के लिए शुरू की गई है, लेकिन यह नियम पाकिस्तान का पासपोर्ट धारकों या पाकिस्तानी मूल के लोगों पर लागू नहीं होगा। आधिकारिक पोर्टल के अनुसार, इन यात्रियों को पारंपरिक रूप से भारतीय दूतावास के जरिए रेगुलर वीजा के लिए ही आवेदन करना होगा।
सिर्फ ई-वीजा अप्रूव हो जाना ही किसी भी बॉर्डर से एंट्री की पूरी गारंटी नहीं देता है। यात्रियों को अपने वीजा पर दर्ज सभी शर्तों का पालन करना होगा। यात्रा शुरू करने से पहले वीजा की वैधता और अधिकृत प्रवेश पॉइंट की जांच जरूर करें, ताकि इमिग्रेशन जांच के समय किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
वर्तमान में भारत सरकार टूरिस्ट, बिजनेस, मेडिकल और स्टूडेंट समेत 17 अलग-अलग श्रेणियों में ई-वीजा प्रदान करती है। इस पूरी डिजिटल प्रक्रिया की खूबी यह है कि लगभग 95 प्रतिशत आवेदन महज 72 घंटे के भीतर प्रोसेस हो जाते हैं। अटारी बॉर्डर के खुलने से पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों का सफर अब बेहद सुगम हो जाएगा।
Location : New Delhi
Published : 13 August 2026, 4:04 PM IST