
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में 31 मई को होने वाली लेखपाल भर्ती मुख्य परीक्षा और बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष एसएन साबत ने बताया कि सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराई जा सके। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
लेखपाल भर्ती की मुख्य परीक्षा 31 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा प्रदेश के 44 जिलों में बनाए गए 861 परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएगी। इस परीक्षा में कुल 3,66,712 अभ्यर्थी शामिल होंगे। आयोग ने बताया कि यह परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने की तैयारी की गई है।
परीक्षा में लखनऊ, वाराणसी, कानपुर नगर, मेरठ, गोरखपुर, बरेली, आगरा, प्रयागराज, मुरादाबाद, गाजियाबाद, सहारनपुर, अलीगढ़ एवं झांसी जैसे जिलों में 10 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इन जिलों में सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
बैठक में निर्देश दिया गया कि परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष प्रशिक्षण कराया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना समाप्त हो सके। कोषागार से प्रश्नपत्र और अन्य गोपनीय सामग्री की निकासी निर्धारित केंद्र और सीरीज के अनुसार ही की जाएगी।
अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी और परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ ही होल्डिंग एरिया भी बनाए जाएंगे।
CBSE 10वीं रिजल्ट 2026 जल्द, DigiLocker से मिनटों में देखें मार्कशीट
परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना को रोका जा सके। गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
इसके अलावा अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। पूरे सिस्टम की लगातार निगरानी कंट्रोल रूम के माध्यम से की जाएगी।
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को सौंपी गई है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने बताया कि इस वर्ष परीक्षा के लिए कुल 4,44,958 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
यह परीक्षा 72 जिलों में बनाए गए 1011 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसमें वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, लखनऊ, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, देवरिया, कुशीनगर और आगरा जैसे जिलों में सबसे अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न होगी। परीक्षा को सफल और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए सभी जिलों में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
Location : Lucknow
Published : 20 May 2026, 11:16 AM IST