
कबीर छिल्लर बने जेईई मेन टॉपर (इमेज सोर्स- इंटरनेट)
New Delhi: देश की सबसे प्रतिष्ठित और चुनौतीपूर्ण इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE Main 2026 के नतीजे घोषित हो गए हैं। इस परीक्षा में हरियाणा निवासी कबीर छिल्लर ने परचम लहराया है। उन्होंने 300 में से पूरे 300 अंक हासिल कर 'ऑल इंडिया रैंक-1' (AIR-1) पर अपना कब्जा जमाया है।
कबीर के पिता मोहित छिल्लर खुद आईआईटीयन हैं और फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। उनकी मां प्रियंका छिल्लर एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका हैं। कबीर इससे पहले 10वीं कक्षा में 98 प्रतिशत अंक ला चुके हैं।
कबीर का कहना है कि उनकी सफलता के पीछे सबसे बड़ा कारण फैकल्टी का सही मार्गदर्शन और खुद की पढ़ाई पर फोकस रहा। उन्होंने हर टेस्ट के बाद अपना मूल्यांकन किया और जहां कमी महसूस हुई, उसे सुधारने के लिए मेहनत की।
कबीर बीते दो सालों से कोटा के निजी कोचिंग में पढ़ रहे थे। उन्होंने कहा कि कोटा में फैकल्टी स्टूडेंट के साथ मेहनत करती है। गलतियों को दोहराने से बचने के लिए मैं हर टेस्ट के बाद कमजोरियों पर फोकस करता था। इस मेहनत, सटीक रणनीति और सेल्फ एनालिसिस से ही वे टॉपर बने हैं।
टॉप 10 में कोटा में पढ़ने वाले 4 छात्रों ने जगह बनाई, जिसमें पांचवां, छठा और आठवां स्थान भी शामिल है।
पूरे देश से कुल 26 प्रतिभाशाली छात्रों ने 100 पर्सेंटाइल का 'परफेक्ट स्कोर' हासिल कर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। हालांकि इन नतीजों का एक पहलू यह भी रहा कि 100 पर्सेंटाइल हासिल करने वाले सभी 26 उम्मीदवार पुरुष छात्र हैं, इस बार टॉपर्स की इस विशिष्ट सूची में कोई भी छात्रा जगह नहीं बना पाई है। इन सबके बीच, कबीर छिल्लर का शत-प्रतिशत अंक लाना उनकी असाधारण मेहनत और एकाग्रता की कहानी बयां करता है।
कबीर ने नियमित मॉक टेस्ट दिए और हर पेपर के उत्तरों को गहराई से समझा। उन्होंने रटने की बजाय हर टॉपिक को समझने और उसे परीक्षा में सही तरीके से लागू करने पर ध्यान दिया। उन्होंने अपनी पढ़ाई को छोटे-छोटे लक्ष्यों में बांटा, शॉर्ट नोट्स बनाए और नियमित रिवीजन को आदत बना लिया। हर टेस्ट के बाद कमजोरियों पर काम किया और गलतियों को दोहराने से बचने की रणनीति अपनाई।
कबीर का कहना है कि दोस्तों के साथ समय बिताता हूं, जिससे मानसिक रूप से रिफ्रेश रहने में मदद मिलती है। भविष्य को लेकर उनका लक्ष्य स्पष्ट है। आईआईटी मुम्बई से कम्प्यूटर साइंस ब्रांच में बीटेक करने के बाद वह वर्ल्ड की नंबर-1 मैसाच्युसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) से उच्च शिक्षा (रिसर्च) करना चाहते हैं।
जेईई मेन 2026 के सेशन-2 में करीब 11.23 लाख अभ्यर्थियों ने अपनी किस्मत आजमाई थी। भीषण प्रतिस्पर्धा में कबीर छिल्लर ने टॉप करने के साथ परफेक्ट स्कोर को हासिल किया है।
जो छात्र JEE-Main में सफल हुए हैं और टॉप 2.5 लाख की सूची में जगह बनाएंगे, वे अब JEE Advanced 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। एडवांस्ड परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 23 अप्रैल 2026 से शुरू होगी, जिसकी जिम्मेदारी इस बार IIT रुड़की संभाल रहा है।
Location : New Delhi
Published : 21 April 2026, 1:50 AM IST