
बिना परीक्षा DRDO से करियर की शुरुआत (Img- Pinterest)
New Delhi: रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) के अंतर्गत आने वाले कॉम्बैट व्हीकल रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट (CVRDE), आवडी (चेन्नई) ने आईटीआई (ITI) पास युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग प्रोग्राम 2026 का नोटिफिकेशन जारी किया है।
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की लिखित परीक्षा देने की आवश्यकता नहीं है। योग्य उम्मीदवारों का चयन सीधे वॉक-इन इंटरव्यू और ITI के अंकों के आधार पर किया जाएगा।
डीआरडीओ ने कुल 19 अलग-अलग ट्रेड्स के लिए 93 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसमें कंप्यूटर ऑपरेटर (COPA), फिटर, इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिक (मोटर व्हीकल), टर्नर, वेल्डर, प्लंबर, पेंटर, फोटोग्राफर, बुक बाइंडर और फूड प्रोडक्शन जैसे कई महत्वपूर्ण ट्रेड शामिल हैं।
श्रेणीवार पदों की बात करें तो अनारक्षित (General) वर्ग के लिए 40, ओबीसी के लिए 25, ईडब्ल्यूएस के लिए 9, एससी के लिए 13 और एसटी वर्ग के लिए 6 पद आरक्षित किए गए हैं। चयनित उम्मीदवारों को ट्रेड के अनुसार 10,560 रुपये से लेकर 11,040 रुपये प्रति माह तक स्टाइपेंड दिया जाएगा।
इस अप्रेंटिसशिप के लिए NCVT या SCVT से मान्यता प्राप्त ITI सर्टिफिकेट धारक (2023, 2024, 2025 या 2026 में उत्तीर्ण) ही पात्र होंगे। COPA, पेंटर और वेल्डर को छोड़कर अन्य ट्रेड्स में कम से कम 2 साल का ITI सर्टिफिकेट होना जरूरी है।
आवेदक का NCVT/SCVT MIS पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होना अनिवार्य है। आयु सीमा की बात करें तो न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम 27 वर्ष तय की गई है। हालांकि, आरक्षित श्रेणियों (OBC को 30 वर्ष, SC/ST को 32 वर्ष और PwD को 37 वर्ष तक) को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
साक्षात्कार 8 और 9 सितंबर 2026 को CVRDE आवडी, चेन्नई में आयोजित किए जाएंगे। उम्मीदवारों को निर्धारित तिथियों पर शाम 5 बजे से पहले रिपोर्ट करना होगा।
इंटरव्यू में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को अपने साथ 10वीं/12वीं की मार्कशीट, ITI सर्टिफिकेट, जाति प्रमाण पत्र, फोटो पहचान पत्र और NCVT/SCVT पोर्टल का रजिस्ट्रेशन फॉर्म ले जाना अनिवार्य है। चयन के बाद पात्र उम्मीदवारों को मौके पर ही जॉइनिंग लेटर दे दिया जाएगा।
Location : New Delhi
Published : 4 September 2026, 12:35 PM IST