
Nobel Prize पर ट्रंप का बयान (Img- X)
Washington: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार के ऐलान से ठीक पहले एक बार फिर अपनी दावेदारी को लेकर बयान दिया है। ट्रंप ने बुधवार को दावा किया कि उन्होंने आठ अंतरराष्ट्रीय संघर्षों को सुलझाने में भूमिका निभाई है और कहा कि उन्होंने ऐसे काम किए हैं, जो किसी अन्य राष्ट्रपति ने नहीं किए। 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा 9 अक्टूबर को होनी है।
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने आठ युद्ध सुलझाए हैं। उनका कहना था कि वह इसे डींग के तौर पर नहीं, बल्कि अपनी उपलब्धियों के रूप में बता रहे हैं। ट्रंप ने हालांकि अपने इस बयान में सीधे तौर पर यह नहीं कहा कि वह इसी आधार पर नोबेल शांति पुरस्कार की मांग कर रहे हैं।
ट्रंप की नोबेल शांति पुरस्कार पाने की इच्छा नई नहीं है। अपने पहले कार्यकाल में भी उन्होंने उत्तर कोरिया के साथ कूटनीतिक प्रयासों और क्षेत्रीय तनाव कम करने की कोशिशों का उल्लेख किया था। बाद में उन्होंने कई मौकों पर कहा कि उनके प्रयासों के लिए उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए।
राष्ट्रपति के दूसरे कार्यकाल में ट्रंप ने कई बार सार्वजनिक रूप से कहा कि वह नोबेल शांति पुरस्कार के हकदार हैं। उन्होंने अपने प्रशासन की विदेश नीति और विभिन्न संघर्षों में मध्यस्थता के प्रयासों को अपनी दावेदारी का आधार बताया है। हालांकि पुरस्कार का अंतिम फैसला ट्रंप के दावों या सार्वजनिक समर्थन के आधार पर नहीं, बल्कि नॉर्वेजियन नोबेल समिति की प्रक्रिया के तहत होता है। Nobel Prize
ट्रंप ने अपनी उपलब्धियों के तौर पर भारत-पाकिस्तान, इजरायल-ईरान, कंबोडिया-थाईलैंड, सर्बिया-कोसोवो, रवांडा-डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, मिस्र-इथियोपिया और आर्मेनिया-अजरबैजान समेत कई विवादों में अमेरिकी भूमिका का उल्लेख किया है। हालांकि Reuters के अनुसार, इनमें से कुछ मामलों में संघर्ष पूरी तरह समाप्त नहीं हुए और कुछ क्षेत्रों में हिंसा दोबारा भड़की है।
ट्रंप के लिए विभिन्न देशों या नेताओं की ओर से नामांकन का दावा भी सामने आया है। हालांकि नोबेल समिति व्यक्तिगत नामांकन की पुष्टि सार्वजनिक रूप से नहीं करती। नोबेल की आधिकारिक प्रक्रिया के तहत नामांकन से लेकर अंतिम चयन तक की जानकारी लंबे समय तक गोपनीय रहती है।
ट्रंप जूनियर की शादी में किसने उठाया लाखों डॉलर का खर्च? रूसी अरबपति ने खुद खोला राज
2026 के नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा 9 अक्टूबर को होने वाली है। पुरस्कार के संभावित दावेदारों को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा जारी है। ट्रंप की दावेदारी के बीच यह देखना अहम होगा कि नॉर्वेजियन नोबेल समिति इस वर्ष शांति के लिए किस व्यक्ति या संगठन को सम्मानित करती है।
Location : Washington
Published : 8 October 2026, 9:20 AM IST