
थाईलैंड ने कंबोडिया पर किया हवाई हमला
Bangkok: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच लंबे समय से चला आ रहा सीमा विवाद एक बार फिर हिंसक मोड़ पर पहुंच गया है। सोमवार को थाईलैंड ने विवादित सीमा क्षेत्र में कंबोडिया के सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले शुरू कर दिए। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब दोनों देश एक-दूसरे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता से हुए संघर्षविराम समझौते को तोड़ने का आरोप लगा रहे हैं।
थाई सेना के अनुसार, पूर्वी प्रांत उबोन रत्चाथानी के दो इलाकों में भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें एक थाई सैनिक की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। सेना का कहना है कि कंबोडियाई सीमा की ओर से अचानक गोलियां चलाई गईं, जिसके बाद थाई वायुसेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए।
थाई अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यह हमला आत्मरक्षा के तहत किया गया है और थाई सेना सीमा पर किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
वहीं, कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय ने भी इस बात की पुष्टि की है कि थाई वायुसेना ने उनके दो सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। हालांकि कंबोडिया ने दावा किया कि पिछले कई दिनों से थाई सेना उकसावे वाली गतिविधियां कर रही थी, लेकिन कंबोडियाई सैनिकों ने पहले कोई जवाबी कार्रवाई नहीं की थी।
कंबोडियाई मंत्रालय ने इसे अंतरराष्ट्रीय समझौतों और सीमा शांति के नियमों का उल्लंघन बताया है।
थाईलैंड-कंबोडिया संघर्ष में चौथे दिन भी नहीं थमी झड़पें, भारी गोलाबारी से दहशत में आम लोग
इससे पहले जुलाई 2025 में दोनों देशों के बीच पांच दिनों तक भीषण संघर्ष चला था। उस दौरान 48 लोगों की मौत हुई थी और लगभग तीन लाख लोग विस्थापित हो गए थे। स्थिति को शांत करने के लिए मलयेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता से संघर्षविराम कराया गया था।
इसके बाद अक्टूबर 2025 में कुआलालंपुर में दोनों देशों के बीच विस्तारित शांति समझौते पर हस्ताक्षर भी किए गए थे, लेकिन अब यह समझौता टूटता नजर आ रहा है।
पिछले महीने सीमा क्षेत्र में हुए लैंडमाइन विस्फोट में एक थाई सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद थाई सरकार ने संघर्षविराम समझौते को अस्थायी रूप से रोक दिया था। वर्तमान हालात को देखते हुए थाई प्रशासन ने सीमा के चार जिलों से करीब 3.85 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अब तक 35,000 से अधिक नागरिक अस्थायी राहत शिविरों में पहुंच चुके हैं।
थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद: पांच दिन चले संघर्ष के बाद मलयेशिया में युद्धविराम, फिर भी तनाव जारी
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच 817 किलोमीटर लंबी भूमि सीमा को लेकर करीब 100 सालों से विवाद चला आ रहा है। यह विवाद 1907 में फ्रांस द्वारा बनाए गए सीमा नक्शे के बाद शुरू हुआ था। कई बार इस सीमा को लेकर झड़पें हो चुकी हैं। 2011 में दोनों देशों के बीच एक सप्ताह तक तोपों से लड़ाई भी हुई थी।
हालांकि दोनों देश समय-समय पर राजनयिक बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश करते रहे हैं, लेकिन बार-बार हालात बिगड़ जाते हैं।
Location : Bangkok
Published : 8 December 2025, 10:45 AM IST
Topics : Cambodia Border Dispute Thailand Air Strike Thailand Cambodia Conflict Thailand Cambodia War News