T20 World Cup 2026: PAK vs USA, क्या अमेरिका फिर रचेगा पाकिस्तान के खिलाफ इतिहास?

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज पाकिस्तान और अमेरिका के बीच होने वाला मुकाबला क्रिकेट फैंस के लिए जबरदस्त रोमांच लेकर आ रहा है। श्रीलंका में खेले जाने वाले इस मैच से पहले पाकिस्तान की चिंता बढ़ी हुई है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 10 February 2026, 2:03 PM IST

New Delhi: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अपने चरम पर है और आज होने वाला पाकिस्तान बनाम अमेरिका का मुकाबला खास चर्चा में बना हुआ है। श्रीलंका की पिचों पर खेला जाने वाला यह मैच सिर्फ ग्रुप स्टेज का नहीं, बल्कि पाकिस्तान के आत्मविश्वास की भी परीक्षा माना जा रहा है। वजह साफ है, 2024 टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिका ने पाकिस्तान को सुपर ओवर में हराकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया था। उसी हार की यादें एक बार फिर पाकिस्तान के खेमे में दबाव बढ़ा रही है।

क्रिकेट विश्लेषकों की मानें तो अमेरिका अब सिर्फ अंडरडॉग टीम नहीं रही। उनकी प्लेइंग-इलेवन में ऐसे खिलाड़ी हैं जो बड़े मंच पर खुद को साबित कर चुके हैं और पाकिस्तान जैसी अनुभवी टीम के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं।

पाकिस्तान में जन्मे मोहम्मद मोहसिन की स्पिन

मोहम्मद मोहसिन का नाम आते ही पाकिस्तान के बल्लेबाज सतर्क हो जाते हैं। पाकिस्तान के मिंगोरा में जन्मे मोहसिन अमेरिका की ओर से खेलते हैं और लेग स्पिन उनकी सबसे बड़ी ताकत है और हम आपको बता दें कि श्रीलंका की पिचें पारंपरिक रूप से स्पिनरों को मदद देती हैं, ऐसे में मोहसिन और भी खतरनाक साबित हो सकते हैं। टूर्नामेंट के पहले मैच में उन्होंने भारत के खिलाफ कसी हुई गेंदबाजी कर क्रिकेट विशेषज्ञों का ध्यान खींचा। पाकिस्तान की बल्लेबाजी हाल के मैचों में स्पिन के सामने संघर्ष करती दिखी है, और यही मोहसिन को एक्स-फैक्टर बनाता है।

ICC T20 World Cup 2026: पाकिस्तान ने टेके घुटने, भारत संग मैच खेलने को राजी; जानिये कैसे निकली हेकड़ी?

सौरभ नेत्रवल्कर की स्विंग से बढ़ेगी चिंता

मुंबई में जन्मे सौरभ नेत्रवल्कर अमेरिका के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं। भले ही हालिया मुकाबलों में उनका इकॉनमी रेट थोड़ा ज्यादा रहा हो, लेकिन बड़े मैचों में उनका रिकॉर्ड शानदार है। 2024 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने नई गेंद से स्विंग कर दो अहम विकेट निकाले थे। नेत्रवल्कर के आंकड़ों के मुताबिक, वह डेथ ओवर्स में भी सटीक लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को बांधने की काबिलियत रखते हैं, जो पाकिस्तान के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है।

कप्तान मोनांक पटेल पर होंगी सबकी नजरें

अमेरिका के कप्तान मोनांक पटेल इस टीम की रीढ़ माने जाते हैं। भारतीय मूल के मोनांक ने 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ दबाव में शानदार अर्धशतक लगाकर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। उनकी सबसे बड़ी खासियत शांत दिमाग और मैच को अंत तक ले जाने की क्षमता है। अगर मोनांक पटेल क्रीज पर टिक गए, तो पाकिस्तान के गेंदबाजों को रणनीति बदलनी पड़ सकती है।

T20 World Cup: पाकिस्तान ने भारत से मुकाबले पर लिया यूटर्न, जानिये कैसे निकली हेकड़ी? पढ़ें ये बड़ा अपडेट

कुल मिलाकर, पाकिस्तान बनाम अमेरिका का यह मुकाबला सिर्फ अंक तालिका की लड़ाई नहीं है, बल्कि यह तय करेगा कि क्या पाकिस्तान पिछली हार से सबक सीख पाया है या अमेरिका एक बार फिर इतिहास दोहराने को तैयार है। क्रिकेट फैंस के लिए यह मैच किसी थ्रिलर से कम नहीं होने वाला।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 10 February 2026, 2:03 PM IST