
अंतरिक्ष में पिता बने जोशुआ कुट्रिक (Img X)
ओटावा: धरती से सैकड़ों किलोमीटर दूर अंतरिक्ष में मौजूद कनाडाई अंतरिक्ष यात्री जोशुआ कुट्रिक के परिवार में खुशियों ने दस्तक दी है। उनकी पत्नी हीथर कुट्रिक ने मंगलवार को एक बेटी को जन्म दिया। खास बात यह है कि अपनी बेटी के जन्म के समय जोशुआ इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर मौजूद थे। उन्होंने अंतरिक्ष से ही इस खुशी में हिस्सा लिया। कनाडाई स्पेस एजेंसी के मुताबिक, मां और बच्ची दोनों स्वस्थ हैं। इसके साथ ही जोशुआ अंतरिक्ष में रहते हुए पिता बनने वाले चुनिंदा अंतरिक्ष यात्रियों में शामिल हो गए हैं।
बेटी के जन्म पर जोशुआ और उनकी पत्नी हीथर ने एक संयुक्त बयान जारी कर अपनी खुशी जाहिर की। दंपति ने कहा कि जोशुआ इस समय अंतरिक्ष में अपने बचपन के सपने को जी रहे हैं। दोनों के बीच सैकड़ों किलोमीटर की दूरी होने के बावजूद वे एक-दूसरे से जुड़ा हुआ महसूस कर रहे हैं। परिवार ने अपनी नन्ही बेटी का स्वागत एक नए सितारे के रूप में किया है।
पूर्व सैन्य टेस्ट पायलट जोशुआ कुट्रिक तीसरी बार पिता बने हैं। उनके पहले से दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र सात और पांच साल है। दंपति ने अपने बढ़ते परिवार पर गर्व जताते हुए कहा कि उन्हें उस पल का बेसब्री से इंतजार है, जब परिवार के पांचों सदस्य एक बार फिर साथ होंगे।
जोशुआ कुट्रिक इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर रहने के दौरान पिता बनने वाले इतिहास के चौथे अंतरिक्ष यात्री हैं। यह उनका पहला अंतरिक्ष मिशन है। वह एक अक्टूबर को फ्लोरिडा से स्पेसएक्स के क्रू-13 मिशन के तहत क्रू ड्रैगन कैप्सूल में सवार होकर अंतरिक्ष के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ नासा के दो अंतरिक्ष यात्री और एक रूसी अंतरिक्ष यात्री भी मिशन पर गए हैं।
अंतरिक्ष मिशन पर रवाना होने से पहले जोशुआ ने एक इंटरव्यू में अपने बच्चे के जन्म के समय परिवार से दूर रहने का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि ऐसे खास मौके पर परिवार के साथ मौजूद नहीं रहना मुश्किल होगा, लेकिन वह इस परिस्थिति के सकारात्मक पहलुओं को तलाशने की कोशिश करेंगे।
जोशुआ कुट्रिक कनाडा के अल्बर्टा प्रांत के फोर्ट सस्काचेवान के रहने वाले हैं। अंतरिक्ष यात्री बनने से पहले वह रॉयल कैनेडियन एयरफोर्स में फाइटर पायलट और कर्नल थे। वर्ष 2017 में कनाडाई स्पेस एजेंसी ने उन्हें अंतरिक्ष यात्री के रूप में चुना था। छह महीने के क्रू-13 मिशन में शामिल होने वाले वह एकमात्र कनाडाई अंतरिक्ष यात्री हैं।
Location : New Delhi
Published : 26 November 2026, 12:54 PM IST