चीन से दोस्ती तो भारत से दुश्मनी क्यों? शेख हसीना के इस बयान से बदल सकती है बांग्लादेश की विदेश नीति की तस्वीर

चीन के साथ बढ़ती नजदीकी और भारत के साथ रिश्तों पर शेख हसीना ने खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने भारत को बांग्लादेश का सबसे करीबी पड़ोसी बताया, लेकिन चीन के साथ दोस्ती को भी जरूरी बताया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 November 2026, 2:45 PM IST

New Delhi: भारत और बांग्लादेश के रिश्तों के बीच चल रही खींचतान के बीच पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने एक ऐसा बयान दिया है, जिसने क्षेत्रीय राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। भारत में रह रहीं शेख हसीना ने साफ कहा है कि चीन के साथ अच्छे रिश्ते रखने का मतलब यह नहीं है कि बांग्लादेश को भारत से दूरी बनानी पड़ेगी। उन्होंने भारत को अपना सबसे करीबी पड़ोसी बताते हुए कहा कि दोनों देशों के संबंध किसी एक व्यक्ति या राजनीतिक परिस्थिति से कहीं ज्यादा बड़े हैं।

भारत-बांग्लादेश के रिश्ते किसी व्यक्ति से बड़े

IANS को दिए एक इंटरव्यू में शेख हसीना ने कहा कि भारत और बांग्लादेश के संबंधों की जड़ें 1971 के मुक्ति संग्राम से जुड़ी हैं। दोनों देशों के बीच सिर्फ भौगोलिक नजदीकी ही नहीं, बल्कि व्यापार, ऊर्जा, सुरक्षा और कनेक्टिविटी जैसे कई अहम मुद्दे भी जुड़े हुए हैं।

उनका कहना है कि किसी भी राजनीतिक मतभेद के कारण इन पुराने रिश्तों को कमजोर नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी निजी परिस्थितियों को भारत और बांग्लादेश के आपसी संबंधों के बीच नहीं आने देना चाहिए।

ये भी पढ़ें- ब्रिटिश नागरिक बने ललित मोदी, बोले- ‘अब यही मेरा घर’; पर क्या अब भी उन्हें वापस ला पाएगा भारत?

प्रत्यर्पण की मांग पर क्या बोलीं हसीना?

बांग्लादेश की मौजूदा सरकार की ओर से उनके प्रत्यर्पण की मांग को लेकर भी हसीना ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत एक संप्रभु देश है और वहां की अपनी कानूनी व्यवस्था और प्रक्रियाएं हैं। इस मामले में भारत की सरकार अपने नियमों के अनुसार फैसला करेगी।

हसीना ने उम्मीद जताई कि उनकी व्यक्तिगत स्थिति दोनों देशों के संबंधों को प्रभावित नहीं करेगी। उनका जोर इस बात पर रहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच सहयोग जारी रहना चाहिए।

चीन से नजदीकी पर भी दिया बड़ा बयान

बांग्लादेश के चीन के साथ बढ़ते संबंधों और चीनी लड़ाकू विमान खरीदने की संभावनाओं पर भी शेख हसीना ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि हर देश को अपनी सेना को आधुनिक बनाने का अधिकार है। उनकी सरकार ने भी रक्षा क्षेत्र में निवेश किया था और चीन समेत कई देशों के साथ सहयोग किया था।

उनके मुताबिक, किसी भी बड़े रक्षा सौदे से पहले देश की आर्थिक स्थिति और असली जरूरतों को ध्यान में रखना चाहिए। सिर्फ ताकत दिखाने के लिए महंगी खरीदारी करना समझदारी नहीं होगी।

ये भी पढ़ें- UN में मृत्युदंड पर रोक का प्रस्ताव पास, अमेरिका और चीन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर भारत ने क्यों किया विरोध?

भारत सबसे करीबी, चीन भी अहम साझेदार

शेख हसीना ने भारत को बांग्लादेश का सबसे करीबी पड़ोसी और चीन को रक्षा और विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण साझेदार बताया। उन्होंने अमेरिका, जापान, खाड़ी देशों, मध्य पूर्व और अफ्रीकी देशों के साथ संबंधों का भी जिक्र किया।

बड़ी शक्तियों की राजनीति में न फंसे बांग्लादेश

पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि बांग्लादेश को अपनी विदेश नीति में राष्ट्रीय हितों को सबसे ऊपर रखना चाहिए। उसे भारत, चीन और अमेरिका जैसी बड़ी शक्तियों के बीच चल रही प्रतिस्पर्धा का मैदान नहीं बनना चाहिए। उन्होंने गंगा के पानी के बंटवारे, सीमा विवाद और समुद्री सीमाओं से जुड़े मुद्दों का उदाहरण देते हुए कहा कि पड़ोसी देशों के बीच मतभेद होना सामान्य है। लेकिन बातचीत और आपसी सम्मान से इनका हल निकाला जा सकता है।

Location :  New Delhi

Published :  15 November 2026, 2:45 PM IST