हिंदी
पाकिस्तान PMO की एडिट की हुई तस्वीर (Img: X)
New Delhi: शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक की एक ग्रुप फोटो को एडिट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से साझा की गई तस्वीर पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि तस्वीर से पीएम मोदी को हटाने से अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी भूमिका और प्रभाव कम नहीं हो सकता।
यह विवाद 1 सितंबर 2026 को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में हुई SCO काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ स्टेट समिट की ग्रुप फोटो को लेकर शुरू हुआ। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें दुनिया के कई बड़े नेताओं के साथ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ नजर आए।
बताया गया कि इस तस्वीर में बैठक में शामिल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन को फ्रेम से हटा दिया गया था। तस्वीर सामने आने के बाद भारत में इस पर सवाल उठने लगे।
ये भी पढ़ें: Video: ग्रुप फोटो से हटा दिए भारत के प्रधानमंत्री! SCO Summit की तस्वीर पर पाकिस्तान की ओछी कूटनीति बेनकाब
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने पाकिस्तान के इस कदम को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि किसी तस्वीर को एडिट करने से प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक पहचान और भारत की स्थिति पर कोई असर नहीं पड़ता। शिंदे ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा,"उन्होंने भले ही मोदी जी की तस्वीर हटा दी हो, लेकिन अगर मोदी जी चाहें तो वे पाकिस्तान को दुनिया के नक्शे से हटा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह की तस्वीरें पाकिस्तान की सोच को दिखाती हैं। उनके मुताबिक, फोटो में बदलाव करके किसी नेता की अंतरराष्ट्रीय भूमिका को खत्म नहीं किया जा सकता।
विवाद बढ़ने के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने SCO समिट की मूल ग्रुप फोटो भी साझा की। इस तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बैठक में मौजूद सभी प्रमुख नेता दिखाई दे रहे थे। मूल तस्वीर में पीएम मोदी के साथ चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष नजर आए। इसके बाद एडिटेड फोटो को लेकर पाकिस्तान सरकार की सोशल मीडिया रणनीति पर सवाल उठने लगे।
भारत और पाकिस्तान के बीच पहले से ही कई मुद्दों को लेकर तनाव बना हुआ है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बैठक की तस्वीर में बदलाव किए जाने को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। एकनाथ शिंदे ने आतंकवाद के मुद्दे पर भी पाकिस्तान को घेरा। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी नीति को लेकर स्पष्ट है और किसी तरह की फोटो एडिटिंग या राजनीतिक संदेशबाजी से भारत का रुख नहीं बदलेगा।
ये भी पढ़ें: SCO Summit में PM मोदी का आतंकवाद पर वार, शहबाज-शी जिनपिंग के सामने दिया कड़ा संदेश; पाकिस्तान को घेरा!
बिश्केक में हुई SCO बैठक में सदस्य देशों के नेताओं ने क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ सभी देशों को मिलकर काम करने की जरूरत बताई।
पीएम मोदी ने विवादों को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाने पर भी जोर दिया। SCO का मंच भारत समेत कई देशों के लिए क्षेत्रीय सहयोग और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विचार रखने का महत्वपूर्ण मंच है।
पूर्व विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर ने भी एडिटेड फोटो को लेकर पाकिस्तान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि तस्वीर में बदलाव करके पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को प्रमुखता देने की कोशिश की गई। हालांकि, बाद में मूल तस्वीर सामने आने के बाद एडिटेड फोटो को लेकर विवाद और चर्चा दोनों बढ़ गए।
Location : New Delhi
Published : 2 September 2026, 4:49 PM IST