
प्रतीकात्मक छवि (Img x)
नई दिल्ली: रूस और यूक्रेन के बीच पिछले करीब पांच वर्षों से जारी युद्ध में लाखों सैनिक परिवारों ने अपनों को खो दिया है। सोमवार को जारी एक नए विश्लेषण में दावा किया गया है कि इस युद्ध में रूस के सात लाख से अधिक सैनिक मारे जा चुके हैं। वहीं, यूक्रेन के भी दो लाख से अधिक जवानों की मौत का दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, युद्ध के दौरान 1,087 रूसी सैनिक आत्महत्या कर चुके हैं। रूसी सरकार के लीक हुए गोपनीय आंकड़ों के विश्लेषण के आधार पर यह दावा किया गया है।
रूस से निर्वासित होकर काम करने वाले दो मीडिया संस्थानों 'मेदुजा' और 'मीडियाजोना' ने युद्ध में रूसी सैनिकों की मौत को लेकर नया आकलन जारी किया है। इसके लिए रूसी राज्य सांख्यिकी सेवा 'रोसस्टैट' के गोपनीय आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया है।
इन आंकड़ों को हाल के हफ्तों में यूक्रेन समर्थक दो हैकर समूहों 'साइबर पार्टिसंस ऑफ बेलारूस' और 'साइलेंट क्रो' ने हासिल कर मीडिया संस्थानों को सौंपा था। रिपोर्ट में सामने आए रूसी सैनिकों की मौत के आंकड़े पिछले अनुमानों से कहीं अधिक हैं।
विश्लेषण में दावा किया गया है कि क्रेमलिन ने युद्ध में हुए सैन्य नुकसान की वास्तविक जानकारी अपने नागरिकों से छिपाकर रखी है। इसके चलते आम रूसी नागरिकों को युद्ध के मोर्चे पर हुए नुकसान का बेहद कम अंदाजा है।
रिपोर्ट में रूसी सैनिकों के मानसिक दबाव और मनोबल को लेकर भी गंभीर तस्वीर सामने आई है। लीक हुए सरकारी आंकड़ों के विश्लेषण के मुताबिक, यूक्रेन के खिलाफ पूर्ण पैमाने पर युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 1,087 रूसी सैनिक आत्महत्या कर चुके हैं। यह संख्या लगभग एक पूरी रूसी सैन्य रेजिमेंट के बराबर बताई गई है।
बेलारूसी और यूक्रेनी हैकर समूहों द्वारा हासिल किए गए एक करोड़ दस लाख से अधिक मृत्यु प्रमाण पत्रों की जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई है। इनमें से कम से कम 614 मामले यूक्रेन के कब्जे वाले इलाकों या उनसे सटे रूसी सीमावर्ती क्षेत्रों में दर्ज किए गए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, रूसी नेतृत्व ने सेंसरशिप, सरकारी प्रचार और दमन के जरिए युद्ध से जुड़ी आलोचनात्मक जानकारियों पर नियंत्रण बनाए रखा है। लंबे समय से जारी युद्ध के बावजूद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन फिलहाल इसे रोकने के संकेत देते नहीं दिख रहे हैं।
रूस के साथ जारी युद्ध में यूक्रेन को भी भारी सैन्य नुकसान उठाना पड़ा है। वॉशिंगटन स्थित 'सेंटर फॉर स्ट्रेटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज' के अनुमान के अनुसार, जून तक करीब डेढ़ लाख यूक्रेनी लड़ाके मारे जा चुके थे।
वहीं, यूक्रेनी सैनिकों की मौत का रिकॉर्ड रखने वाली दो वेबसाइटों 'लॉस्टआर्मर' और 'यूए लॉसेस' ने मृतक सैनिकों की संख्या दो लाख से अधिक बताई है। इसके अलावा करीब सवा लाख सैनिकों का अब तक पता नहीं चल सका है।
युद्ध में दोनों देशों के सैन्य नुकसान को लेकर अलग-अलग संस्थानों के अनुमान सामने आए हैं। हालांकि, रिपोर्ट में किए गए इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।
Location : New Delhi
Published : 25 November 2026, 9:32 AM IST