
अमेरिकी नौसेना सचिव जॉन फेलन (Img- Internet)
Washington: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी रक्षा विभाग यानी पेंटागन में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। जॉन फेलन ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यह फैसला ऐसे समय आया है जब वैश्विक स्तर पर सुरक्षा हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।
डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में किसी सैन्य सेवा प्रमुख का यह पहला इस्तीफा माना जा रहा है। हालांकि हाल के महीनों में रक्षा विभाग में बड़े स्तर पर फेरबदल देखने को मिला है, जिससे प्रशासन की रणनीति पर सवाल उठने लगे हैं।
फेलन के इस्तीफे के पीछे की वजह आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है। पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने सिर्फ इतना कहा कि फेलन तुरंत प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं। इससे पहले उन्होंने वाशिंगटन में एक नौसेना सम्मेलन में हिस्सा लिया था और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की थी।
यह इस्तीफा ऐसे समय आया है जब अमेरिकी नौसेना ईरान से जुड़े जहाजों की निगरानी कर रही है और क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां तेज हैं। इससे इस फैसले के समय को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
ट्रंप फिर क्यों झुके? बढ़ाया युद्धविराम, जानिये पाकिस्तान की है क्या भूमिका
फेलन के इस्तीफे के बाद हंग काओ को नौसेना का कार्यवाहक सचिव नियुक्त किया गया है। काओ ट्रंप के करीबी माने जाते हैं और नौसेना में 25 वर्षों का अनुभव रखते हैं। उन्होंने कई युद्ध क्षेत्रों में सेवाएं दी हैं, जिससे उन्हें रणनीतिक मामलों की गहरी समझ है।
रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के कार्यकाल में कई बड़े अधिकारियों को हटाया गया है। हाल ही में रैंडी जॉर्ज, लीसा फ्रेंचेती, जिम स्लाइफ और चार्ल्स सीक्यू ब्राउन जूनियर जैसे वरिष्ठ अधिकारियों को भी पद से हटाया गया था। यह बदलाव रक्षा नीति में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है।
पहले चेतावनी, अब तारीफ, नेतन्याहू पर ट्रंप के बयान बदलते ही बढ़ी सियासी हलचल
जॉन फेलन का सैन्य पृष्ठभूमि से सीधा संबंध नहीं था। वे एक निजी निवेश कंपनी के संस्थापक रहे हैं और उन्हें नौसेना में सुधार लाने के उद्देश्य से नियुक्त किया गया था। उनके कार्यकाल में नौसेना ने कई अहम अभियानों में हिस्सा लिया।
फेलन के कार्यकाल के दौरान अमेरिकी नौसेना की गतिविधियां काफी बढ़ी हैं। मध्य पूर्व में विमानवाहक पोतों की तैनाती, कैरिबियन में ड्रग्स विरोधी अभियान और वेनेजुएला से जुड़े ऑपरेशनों में नौसेना सक्रिय रही है।
Location : Washington
Published : 23 April 2026, 8:43 AM IST