
रचिन रवींद्र और टॉम लाथम (Photo Source Internet)
New Delhi: न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को वनडे सीरीज शुरू होने से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के दो अहम खिलाड़ी रचिन रवींद्र और मार्क चैपमैन चोट के चलते पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। दोनों खिलाड़ी अपनी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। इससे पहले वे चोट के कारण पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी टीम का हिस्सा नहीं बन सके थे। दोनों खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में न्यूजीलैंड को अपनी टीम संयोजन में बदलाव करना पड़ा है।
मार्क चैपमैन को यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग के दौरान बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, हाल ही में कराए गए एमआरआई स्कैन के बाद उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए दो सप्ताह और रिहैबिलिटेशन की जरूरत है।
वहीं, एक प्रमोशनल शूट के दौरान हुई घटना में रचिन रवींद्र के दाएं कंधे का जोड़ खिसक गया था। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बताया कि रचिन को मैदान पर पूरी क्षमता के साथ वापसी करने के लिए अभी और समय चाहिए।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने दोनों खिलाड़ियों के सीरीज से बाहर होने पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र टीम के लिए बेहद अहम खिलाड़ी हैं और उनका उपलब्ध नहीं होना निराशाजनक है।
वाल्टर के मुताबिक, पिछले सप्ताह उनकी मार्क चैपमैन से बातचीत हुई थी। वह चोट के कारण निराश हैं, लेकिन मैदान पर वापसी के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वहीं, रचिन के कंधे में अभी इतना सुधार नहीं हुआ है कि वह वाइट-बॉल क्रिकेट में सहजता से फील्डिंग कर सकें।
कोच ने कहा कि महीने के आखिर में होने वाली टेस्ट सीरीज को देखते हुए टीम रचिन की फिटनेस को लेकर कोई अनावश्यक जोखिम नहीं लेना चाहती।
रचिन और चैपमैन की अनुपस्थिति में न्यूजीलैंड ने टीम में कुछ बदलाव किए हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट को शुरुआती तीन वनडे मुकाबलों के लिए भी टीम में शामिल किया गया है। इससे पहले उनका चयन सीरीज के आखिरी दो मैचों के लिए हुआ था।
बाएं हाथ के बल्लेबाज हेनरी निकोल्स शुरुआती तीन मैचों के लिए टीम से जुड़ेंगे, जबकि ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को आखिरी दो मुकाबलों के लिए चुना गया है।
तेज गेंदबाज मैट फिशर भी शुरुआती तीन मैचों में उपलब्ध रहेंगे। वहीं, मैट हेनरी सोमवार को टीम के साथ जुड़ेंगे। उनकी उपलब्धता का फैसला फिटनेस का आकलन करने के बाद किया जाएगा। वह दाईं जांघ की मांसपेशियों में हल्की चोट के कारण पिछले तीन टी20 मुकाबलों से बाहर थे।
मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट फिशर, मैट हेनरी, काइल जेमीसन, टॉम लाथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग और ब्लेयर टिकनर।
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर और विल यंग।
Location : New Delhi
Published : 2 November 2026, 10:45 AM IST